April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

तुम डर गए, देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो, राघव चड्ढा पर आप की पहली प्रतिक्रिया

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटाए जाने के मामले में पहली प्रतिक्रिया दी है। राघव चड्ढा की ओर से वीडियो जारी किए जाने के बाद पार्टी ने पलटवार किया है। आप के राष्ट्रीय मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा पर आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। ढांडा ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, हम केजरीवाल के सिपाही हैं। निडरता पहली पहचान है हमारी। कोई मोदी से डर जाए तो देश के लिए क्या लड़ेगा?

ढांडा ने आगे लिखा, संसद में पार्टी को बोलने का थोड़ा सा समय मिलता है, उसमें या तो देश बचाने का संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने का। गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को बीजेपी की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले? पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा है। सदन में चीफ इलेक्शन कमिश्नर (CEC) के खिलाफ प्रस्ताव आया तो भाई साहब ने साइन करने से मना कर दिया। पार्टी ने सदन से वाकआउट किया तो मोदी जी की हाजिरी लगाने के लिए बैठे रहते हैं। पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो। देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो। जो डर गया वो…।

गौरतलब है कि राघव चड्ढा को कल ही आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटाते हुए उनको बोलने के लिए समय न दिए जाने का सचिवालय को पत्र लिखा था। इसके जवाब में राघव ने आज वीडियो जारी कर बागी तेवर दिखाते हुए कहा, खामोश कराया गया हूं, हारा नहीं हूं, आम आदमी को मेरा संदेश। राघव चड्ढा ने यह भी कहा कि उन्होंने राज्यसभा में अब तक आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाए क्या ऐसा करना गलत है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *