पटना एयरपोर्ट से सैयद मोहसिन अली नाम का यात्री गिरफ्तार, हैंड बैगेज में कारतूस
पटना। पटना के जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सैयद मोहसिन अली मासूमी को सीआईएसएफ ने गिरफ्तार किया है। सैयद मोहसिन अली दिल्ली जा रहा था। उसके बैगेज की एक्स-रे चेकिंग में ऐसी प्रतिबंधित चीज दिखी कि सीआईएसएफ ने मोहसिन को तत्काल गिरफ्तार कर पटना पुलिस के एयरपोर्ट थाने को सौंप दिया। अब पुलिस मोहसिन से पूछताछ कर रही है कि उसके बैगेज में ये चीज आखिर कहां से आई?
जानकारी के मुताबिक पटना एयरपोर्ट पर गिरफ्तार सैयद मोहसिन अली मासूमी बिहार के फुलवारी शरीफ का रहने वाला है। सीआईएसएफ की महिला जवान एक्स-रे मशीन से यात्रियों के बैगेज चेक कर रही थी। जिस दौरान सैयद मोहसिन अली के हैंड बैगेज में कारतूस दिखे। मोहसिन अली से सीआईएसएफ ने हैंड बैगेज खुलवाया। जिसके बाद उसमें तीन कारतूस मिले। हैंड बैगेज को यात्री अपने साथ विमान में ले जा सकते हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सैयद मोहसिन अली ने बताया कि उसे ये नहीं पता कि बैग में कारतूस कहां से आए। सैयद मोहसिन अली ने बताया है कि वो भाई, भाभी और कम्पाउंडर के साथ दिल्ली जा रहा था। आरोपी के मुताबिक उसके भाई को नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराना था।
नियमों के मुताबिक हैंड बैगेज में किसी तरह का हथियार या कारतूस ले जाना मना है। अगर किसी को हथियार और कारतूस ले जाना हो, तो उसे केबिन बैगेज में अलग-अलग रखना होता है। साथ ही एयरलाइंस और सीआईएसएफ को हथियार का लाइसेंस देने के साथ पहले से जानकारी देनी होती है। इससे पहले भी देश के तमाम एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशनों में यात्रियों के बैगेज से हथियार और कारतूस बरामद होते रहे हैं। अगर आप विमान यात्रा कर रहे हैं, तो कभी भी अपना बैगेज किसी अनजान व्यक्ति के भरोसे या अलग न छोड़ें। ऐसी संभावना रहती है कि कोई और आपके बैगेज में हथियार या कारतूस रख दे और आप गिरफ्तार हो जाएं। अभी मोहसिन अली से पूछताछ जारी है और पटना पुलिस ये जानकारी जुटा रही है कि उसके बैगेज में कारतूस आखिर कहां से आए।
