July 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

लालू यादव के करीबी रहे आरजेडी के पूर्व प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी बीजेपी में शामिल

नई दिल्ली। लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी के पूर्व प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी आज बीजेपी में शामिल हो गए। पटना स्थित बीजेपी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनको पार्टी की सदस्यता दिलाई। बीजेपी में शामिल होने के बाद मृत्युंजय तिवारी ने आरजेडी की रणनीति और तेजस्वी यादव को निशाने पर लिया। मृत्युंजय तिवारी ने कहा, बीजेपी आज देश और राष्ट्र के हित में काम कर रही है। हमारे धर्म को बचाने के लिए काम कर रही है। हमने अपने देश, राज्य और हमारे धर्म को बचाने वालों के साथ रहने का फैसला किया है और जो लोग देश को धर्म के आधार पर बांटते और लूटते हैं, देश की 80 प्रतिशत हिंदू आबादी के लिए बात करने के बजाय, बाकी 20 प्रतिशत को खुश करने पर ही ध्यान देते हैं, हमने ऐसे लोगों का साथ छोड़ दिया है।

बीजेपी ज्वाइन करने से पहले तिवारी ने पटना स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद तिवारी ने कहा कि मैंने लगभग 20 साल तक राष्ट्रीय जनता दल की सेवा की। लेकिन, जिस तरह से आरजेडी की पहचान रही है, छवि रही है वो लंपट संस्कृति से उबर नहीं पाई है। मुझे उम्मीद थी कि युवा नेता होने के नाते तेजस्वी यादव कोई नई सोच लेकर आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। विधानसभा के मौजूदा सत्र और चुनावों से पहले भी वो नदारद रहे हैं। जिस विपक्ष के नेता के पास न तो कोई विज़न हो और न ही कोई नीति, वहां पर समय बरबाद करना और ऐसी पार्टियों से राज्य, देश या समाज का भला नहीं हो सकता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रशंसा करते हुए मृत्युंजय तिवारी बोले, इनके नेतृत्व में देश और बिहार की तरक्की हो रही है। नौजवान, किसान व मजदूर समेत हर समुदाय, जाति, धर्म और समाज के लोग सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। तेजस्वी यादव ऐसे लोगों से घिरे हैं जो उनको दिन में ही तारे दिखा रहे हैं। अब राष्ट्रीय जनता दल समाप्ति की ओर है। राजनीति समाज सेवा और समाज हित के लिए की जाती है। राष्ट्रहित में फैसला लेते हुए हम बीजेपी में शामिल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *