लाल किला परिसर से एक करोड़ रुपये कीमत का कलश चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना, संदिग्ध की तलाश जारी
नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किला परिसर में जैन धर्म के एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान लगभग एक करोड़ रुपए की कीमत का कलश चोरी हो गया है। यह घटना मंगलवार की है। जो कलश चोरी हुआ है उसमें 760 ग्राम सोना, 150 ग्राम हीरे, माणिक और पन्ना जड़ा था। कलश चोरी मामले में धारा 2023, 303(2) के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध को देखा गया है। पुलिस ने कलश चुराने वाले संदिग्ध शख्स की पहचान कर ली है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की बात कही है। चोर की तलाश में पुलिस के द्वारा छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि लाल किला परिसर में जैन समुदाय का धार्मिक अनुष्ठान 15 अगस्त पार्क में चल रहा है जो 9 सितंबर तक जारी रहेगा। इस अनुष्ठान में पूजा के लिए कारोबारी सुधीर जैन रोजाना उस बेशकीमती कलश लेकर आते थे। बीते मंगलवार को कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी पहुंचे थे। तभी भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने कलश पार कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक शख्स जिसने धोती-कुर्ता पहना हुआ है वो चुपचाप कमरे में दाखिल होता है और कलश को अपने थैले में डालकर लोगों की नजर बचाते हुए बड़े आराम से कमरे से बाहर निकलकर वहां से फरार हो जाता है। परिसर में कई सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध को देखा गया है।
मामला हाईप्रोफाइल होने के चलते काफी चर्चा में है। गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस के जवान लाल किले की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। इनके अलावा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान, सीआरपीएफ, एनएसजी कमांडो और सेना के जवान भी सुरक्षा में तैनात होते हैं। लाल किले के आस-पास की ऊंची इमारतों में सुरक्षा के मद्देनजर स्नाइपर्स की भी तैनाती रहती है। कुल मिलाकर यह एक हाई सिक्योरिटी जोन है।
