लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष!, सत्तारूढ़ बीजेपी से बढ़ सकती है रार
नई दिल्ली। केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्षी दलों के बीच रार और बढ़ने के आसार हैं। न्यूज चैनल आजतक ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि विपक्षी दल लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले हैं। सूत्रों के हवाले से चैनल ने खबर दी है कि जल्दी ही विपक्षी दल लोकसभा महासचिव को ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देंगे। कांग्रेस समेत विपक्षी दल लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ पहले से ही तमाम आरोप लगाते रहे हैं। हालांकि, ओम बिरला ने हमेशा विपक्ष की ओर से हंगामा किए जाने या सवाल उठाने पर नियमों का उल्लेख कर व्यवस्था दी है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव पास होने की उम्मीद नहीं है। क्योंकि लोकसभा में एनडीए के पास बहुमत है। लोकसभा में 545 सीट हैं। बीजेपी के 240 सांसद हैं। लोकसभा में सत्ता पक्ष के समर्थन में टीडीपी के 16 और जेडीयू के 12 सांसद भी हैं। इनके अलावा सत्तारूढ़ एनडीए में शिंदे की शिवसेना के 7, एलजेपी के 5 सांसद भी हैं। आरएलडी, जनसेना पार्टी और जेडीएस के भी 2-2 सांसद एनडीए के साथ हैं। जबकि, कांग्रेस के 99 और समाजवादी पार्टी के 37 सांसद लोकसभा में हैं। विपक्ष में एक और बड़ी पार्टी ममता बनर्जी की टीएमसी है। लोकसभा में टीएमसी के 29 सांसद हैं। वहीं, विपक्ष के एक और घटक डीएमके के 22 सांसद हैं।
उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना-यूबीटी के 9 सांसद हैं। वहीं शरद पवार की एनसीपी-एसपी के 8 सांसद लोकसभा में हैं। लोकसभा में विपक्ष के साथ आरजेडी के 4, सीपीएम के 4, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के 3, जेएमएम के 3, सीपीआई-एमएल के 2, सीपीआई के 2, नेशनल कॉन्फ्रेंस के 2 सांसद भी विपक्ष के साथ हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के 3 और वाईएसआरसीपी के 4 सांसद हैं। इन 7 सांसदों का विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का साथ देना मुश्किल लगता है। हालांकि, सियासत में कब और क्या हो जाए, इसका पता पहले से नहीं चलता।
