लालू के बड़े लाल तेज प्रताप यादव ने आरजेडी के इन नेताओं को बताया अपने खिलाफ साजिशकर्ता, कहते रहे हैं इन नेताओं को जयचंद
पटना। लालू यादव के बड़े लाल और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव लगातार ये आरोप लगाते रहे हैं कि आरजेडी में कई जयचंद हैं। जिनकी वजह से उनको पार्टी छोड़नी पड़ी। अब तेज प्रताप यादव ने उन नेताओं के नाम का खुलासा किया है। तेज प्रताप यादव ने जिन पांच नेताओं को आरजेडी का जयचंद बताया है, वे काफी रसूख रखते हैं। इनमें से एक को तो तेज प्रताप यादव की मां राबड़ी देवी का मुंहबोला भाई भी कहा जाता है।
तेज प्रताप यादव ने अपने खिलाफ कथित तौर पर साजिश करने वाले नेताओं के नाम के साथ ही उनको क्रम भी दिया है। तेज प्रताप यादव के मुताबिक आरजेडी में उनके खिलाफ साजिश करने वाले नंबर एक नेता महुआ सीट के पूर्व विधायक मुकेश रोशन हैं। तेज प्रताप यादव ने दूसरे नंबर पर छोटे भाई तेजस्वी यादव के करीबी और आरजेडी के राज्यसभा सांसद संजय यादव को रखा है। तेज प्रताप यादव के मुताबिक तेजस्वी यादव के एक और करीब रमीज नेमत ने भी उनके खिलाफ साजिश रची। आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव को तेज प्रताप ने चौथे नंबर पर रखा है। जबकि, राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई के तौर पर पहचाने जाने वाले सुनील सिंह को तेज प्रताप ने साजिश रचने में पांचवें नंबर पर रखा है।
आरजेडी से निष्कासित होने से पहले ही तेज प्रताप यादव पार्टी में जयचंद होने की बात कहते रहे। अनुष्का यादव से रिश्ते के फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद लालू यादव ने तेज प्रताप यादव को परिवार और आरजेडी से निकाल दिया था। जिसके बाद तेज प्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल बनाकर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन उसमें तेज प्रताप यादव खुद महुआ सीट हार गए। इसके बाद तेज प्रताप यादव ने बहन रोहिणी आचार्य और तेजस्वी के बीच जंग में अपनी बहन के पक्ष में बयान दिया था। तेज प्रताप यादव ने मकर संक्रांति पर अपने पिता लालू यादव को न्योता भी दिया था। लालू ने तेज प्रताप के आवास जाकर दही-चूड़ा भोज में हिस्सा लिया था। अब तेज प्रताप ने कुछ दिन की चुप्पी के बाद आरजेडी में अपने विरोधियों का नाम बताया है। इससे बिहार और आरजेडी में सियासत गर्माने के आसार हैं।
