July 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

लालू यादव ने कांग्रेस आलाकमान को लगाया फोन, सूत्रों के मुताबिक महागठबंधन में सीटों का फंसा पेच हुआ खत्म!

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए विपक्ष के महागठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति बनने की खबर है। न्यूज चैनल आजतक के मुताबिक शुक्रवार रात आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव और कांग्रेस आलाकमान के बीच फोन पर बातचीत हुई। चैनल के मुताबिक इसके बाद ही महागठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति बनी। हालांकि, 12 सीट पर महागठबंधन के अन्य दलों के साथ अभी मतभेद बने होने की भी खबर है। माना जा रहा है कि महागठबंधन जल्दी ही सीटों का बंटवारा पूरी तरह तय कर लेगा और इसका एलान किया जाएगा।

चैनल ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए लालू और कांग्रेस में सीट बंटवारे पर बातचीत के बाद तय हुआ है कि आरजेडी 135 सीट पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, कांग्रेस को 55 सीट मिलेंगी। मुकेश सहनी की वीआईपी को 18 सीट देना तय हुआ है। वहीं, सीपीआई-एमएल को 20, सीपीआई को 6, सीपीएम को 4, हेमंत सोरेन की जेएमएम को 2, पशुपति पारस की आरएलजेपी को 2 सीट देने की बात तय हुई है। हालांकि, महागठबंधन के सभी दलों के नेताओं के एक साथ आकर इस बारे में एलान करने पर ही माना जा सकता है कि सीट बंटवारे का पेच लालू यादव ने सुलझा लिया है।

बता दें कि महागठबंधन में शामिल वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने सार्वजनिक तौर पर एलान किया था कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में 60 सीट पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, वामदलों के सूत्रों का कहना था कि उन्होंने महागठबंधन से 35 सीट मांगी हैं। हेमंत सोरन की जेएमएम की तऱफ से भी 12 सीट मांगी जा रही थी। ऐसे में आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव और कांग्रेस के बीच सब कुछ तय होने के बाद भी महागठबंधन में पेच फंसे होने की बात भी सामने आ रही है। बिहार विधानसभा की 243 सीटों में से 121 पर 6 नवंबर को वोटिंग होनी है। जबकि, अन्य 122 सीट पर 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। बिहार विधानसभा चुनाव का नतीजा 14 नवंबर को आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *