सोने-चांदी के भाव फिर बनाएंगे रिकॉर्ड!, बीते हफ्ते सर्राफा बाजार में दोनों की कीमत में काफी इजाफा
नई दिल्ली। सोने और चांदी के भाव एक बार फिर रिकॉर्ड पर पहुंच सकते हैं। अमेरिका में फेडरल रिजर्व और भारत में रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति की समीक्षा से पहले निवेशकों का रुझान फिर सोने और चांदी की तरफ होता दिख रहा है। आज सोने और चांदी की नई कीमत तय होगी, लेकिन बीते हफ्ते सोना और चांदी महंगे हुए थे। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट पर 21 नवंबर को 24 कैरेट सोना 123146 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो 28 नवंबर को बढ़कर 126591 रुपए हो गया। यानी एक हफ्ते में सोना 3445 रुपए प्रति 10 ग्राम चढ़ा।
सर्राफा बाजार में चांदी के भाव देखें, तो 21 नवंबर को इसके एक किलो की कीमत 151129 थी। जबकि, 28 नवंबर को एक किलो चांदी का भाव बढ़कर 164359 रुपए हो गया। यानी एक हफ्ते में चांदी के भाव में 13230 रुपए की बढ़ोतरी हुई। भारत में इस वक्त शादियों का सीजन भी चल रहा है। इसकी वजह से भी सोने और चांदी की कीमत में बढ़ोतरी हो रही है। दुनिया के बाजारों को देखें, तो वहां भी सोना महंगा हो रहा है। लंदन में सोने के प्रति औंस की कीमत बढ़कर 4218.30 डॉलर हो गई है। इसका असर भी भारत के सर्राफा बाजार पर पड़ा है।
इससे पहले अक्टूबर में 24 कैरेट सोने की कीमत ने 1.30 लाख रुपए का रिकॉर्ड बनाया था। जबकि, चांदी के भाव भी काफी तेज रहे थे। धनतेरस से दो दिन पहले से सोने और चांदी की कीमत में गिरावट आनी शुरू हुई थी, लेकिन बीते कुछ दिनों में एक बार फिर सोना और चांदी महंगे होने शुरू हो गए। इस साल जनवरी से सोने और चांदी की कीमतों में बड़ा इजाफा हुआ है। जनवरी 2025 में सोने की कीमत करीब 78000 रुपए थी। जबकि, चांदी की कीमत 93000 रुपए प्रति किलो रही थी। इस तरह सोने और चांदी ने इस साल निवेशकों को मालामाल किया है।
