एक बार फिर विदेश दौरे पर राहुल गांधी, लंदन के बाद जर्मनी जाएंगे लोकसभा में नेता विपक्ष
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी जहां जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान के सरकारी दौरे पर गए हैं। वहीं, लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी विदेश दौरे पर हैं। राहुल गांधी सोमवार तड़के लंदन के लिए रवाना हुए। राहुल गांधी लंदन के बाद जर्मनी भी जाएंगे। जर्मनी के बर्लिन में राहुल गांधी भारतीय प्रवासियों से बात करेंगे। इसके अलावा वो जर्मनी के सांसदों से भी मुलाकात करने वाले हैं। राहुल गांधी के विदेश दौरे पर बीजेपी ने हर बार की तरह इस बार भी निशाना साधा है। बीजेपी ने राहुल गांधी को ‘विदेश नायक’ और ‘पर्यटन का नेता’ बताया है।
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने साथ ही कहा है कि 15 से 20 दिसंबर तक राहुल गांधी का जर्मनी दौरा संसद सत्र के बीच में हो रहा है। संसद का सत्र 19 दिसंबर तक चलना है। बीजेपी की तरफ से राहुल गांधी के संसद सत्र के दौरान विदेश दौरे पर सवाल उठाने के बाद कांग्रेस की सांसद और नेता विपक्ष की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने पलटवार किया है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मोदी जी अपने कामकाज के आधे वक्त देश के बाहर रहते हैं। अगर विपक्ष का नेता विदेश यात्रा कर रहा है, तो बीजेपी सवाल क्यों उठा रही है। राहुल गांधी के इस बार के विदेश दौरे का कार्यक्रम भी हर बार की तरह इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने तय किया है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी 17 दिसंबर को जर्मनी के सांसदों से मुलाकात करेंगे।
राहुल गांधी इससे पहले अपने विदेश दौरों में बयान देने के कारण विवादों में भी घिरे हैं। राहुल गांधी ने भारत में लोकतंत्र के कमजोर होने और संवैधानिक संस्थाओं पर बीजेपी और आरएसएस के कब्जे का आरोप लगाते रहे हैं। इसके अलावा राहुल गांधी ने एक बार ये कहकर बड़ा विवाद खड़ा किया था कि अमेरिका और यूरोप के देश भारत में लोकतंत्र के कमजोर किए जाने पर आंखें मूंदे बैठे हैं। राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी ने उनको जोरदार तरीके से घेरा था। अब सबकी नजर इस पर है कि राहुल गांधी अपने मौजूदा विदेश दौरे में वोट चोरी का मुद्दा उठाते हैं या नहीं। राहुल गांधी पिछले कुछ वक्त से लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और चुनाव आयोग पर वोट चोरी करने का आरोप लगाते रहे हैं। चुनाव आयोग और बीजेपी ने राहुल गांधी के वोट चोरी आरोपों को सरासर गलत बताया है। चुनाव आयोग ने तो राहुल गांधी को हलफनामा देकर शिकायत करने के लिए भी कहा, लेकिन कांग्रेस सांसद ने ऐसा नहीं किया।
