April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंचे राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण, बड़ी जिम्मेदारी मिलने के कयास

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफा देने का मामला फिलहाल सुर्खियों में है। धनखड़ ने अपने इस्तीफे के पीछे स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है मगर विपक्ष का कहना है कि इसके पीछे कोई दूसरा बड़ा कारण है। इस बीच राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण राष्ट्रपति भवन पहुंचकर प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मू से मिले। अब इस मुलाकात को लेकर भी कयास शुरू हो गए हैं। संभावना जताई जा रही है हरिवंश नारायण उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार हो सकते हैं। नए राष्ट्रपति के संभावित नामों में भी हरिवंश नारायण का नाम शामिल है इससे इस कयास को और बल मिल रहा है।

हरिवंश नारायण ने नियमानुसार राज्यसभा के कार्यवाहक सभापति के तौर पर जिम्मेदारी संभाल ली है। उधर, राष्ट्रपति भवन की ओर से सोशल मीडिया के जरिए द्रौपदी मुर्मू और हरिवंश नारायण की मुलाकात की फोटो शेयर की गई है। आज सुबह ही राष्ट्रपति ने जगदीप धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार किया है। इसके बाद अब जल्द ही नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। धनखड़ ऐसे पहले उपराष्ट्रपति हैं जिन्होंने संसद सत्र के दौरान अपने पद से इस्तीफा दिया हो। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल का कहना है कि उपराष्ट्रपति ने अचानक इस्तीफा क्यों दिया सरकार को इस बात का स्पष्टीकरण देना चाहिए।

वहीं इससे पहले कांग्रेस और आरजेडी नेताओं ने इस बात का भी दावा किया कि बीजेपी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाना चाहती है इसीलिए जगदीप धनखड़ से इस्तीफा लिया गया है। उधर धनखड़ के इस्तीफे से उनके रिश्तेदार और गांव के लोग भी हैरान हैं। राजस्थान के झुंझुनू में जगदीप धनखड़ के पैतृक गांव किठाना के लोगों को भी समझ नहीं आ रहा कि उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया। अभी दस दिन पहले ही जेएनयू के एक कार्यक्रम में धनखड़ ने 2027 तक अपना कार्यकाल पूरा करने की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *