August 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

झूठ बोल कर महिलाओं से भरवा रहे फॉर्म, महिला सम्मान योजना पर अमित मालवीय का अरविंद केजरीवाल पर निशाना

नई दिल्ली। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने महिला सम्मान योजना पर अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार को घेरते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वीडियो में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा महिला सम्मान योजना का कार्ड बनाया जा रहा है। इस कार्ड को एक महिला को देते हुए आप कार्यकर्ता ने कहा कि सरकार बनने के बाद 2100 रुपए आपके खाते में आएंगे लेकिन वोट झाड़ू पर ही देना। केजरीवाल को वोट देने पर ही ये पैसे मिलेंगे। झाड़ू आप का चुनाव चिन्ह है।

आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने का वादा करते हुए महिला सम्मान योजना का ऐलान किया था। मगर दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने विज्ञापन जारी कर साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना अधिसूचित नहीं है। अब बीजेपी नेता अमित मालवीय ने अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली की महिलाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। बीजेपी नेता ने कहा, महिला सम्मान जैसी कोई योजना दिल्ली सरकार ने लागू नहीं की है। आज ही दिल्ली सरकार ने अखबारों में सार्वजनिक नोटिस देकर इस बात को स्पष्ट किया है। लेकिन आम आदमी पार्टी के लोग झूठ बोल कर महिलाओं से फॉर्म भरवा रहे हैं और कह रहें कि अरविंद केजरीवाल को वोट देने पर ही पैसा मिलेगा। जो लोग ये फॉर्म भरवा रहे हैं उनपर भी कार्यवाही होगी।

वहीं, अमित मालवीय ने अरविंद केजरीवाल और दिल्ली सीएम आतिशी का एक और वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में केजरीवाल और आतिशी के द्वारा दावा किया जा रहा है कि महिलाओं को 1000 रुपए देने वाली स्कीम का नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। मालवीय ने अपनी पोस्ट में लिखा, ये एक और झूठ है। 1,000 रुपए वाली भी कोई स्कीम नोटिफाई नहीं हुई है। अगर हुई है तो आतिशी मार्लेना नोटिफिकेशन को सार्वजनिक करें, क्योंकि शराब घोटाले के आरोपी अरविंद केजरीवाल तो दिल्ली सचिवालय के आस-पास भी नहीं दिख सकते, अंदर जाना तो दूर की बात है।