शराब नहीं बांट रहा, गरीब माताओं, बहनों की मदद कर रहा, प्रवेश वर्मा का आतिशी और अरविंद केजरीवाल पर पलटवार
नई दिल्ली। बीजेपी के पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली की सीएम आतिशी पर पलटवार करते हुए कहा, कम से कम मैं शराब नहीं बांट रहा। गरीब माताओं, बहनों की मदद कर रहा और यह काम मैं आगे भी जारी रखूंगा। आतिशी ने प्रवेश वर्मा पर कैश बांटने का आरोप लगाया था। दिल्ली सीएम ने दावा किया था कि विधानसभा चुनाव से पहले वोटरों को लुभाने के लिए बीजेपी नेता के घर पर महिलाओं को 1100 रुपए दिए जा रहे हैं। उन्होंने प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार कराने की भी चुनाव आयोग से मांग की। बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा ने बताया कि महिलाओं को पैसे उनकी राष्ट्रीय स्वाभिमान संस्था के द्वारा बांटे जा रहे थे जो गरीबों के हित में काम करती है।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस संस्था की शुरुआत उनके पिता जी ने करीब 25 साल पहले की थी। गुजरात में भूकंप के बाद हमारी संस्था ने दो गांवों को बसाया था, दो हजार से ज्यादा मकान बनवाए। ओडिशा में साइक्लोन के बाद हमारी संस्था ने चार गांव बसाए और उन गांवों का उद्घाटन पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम जी ने किया था। कारगिल युद्ध के बाद सभी जवानों, शहीदों के परिवारों को दिल्ली में बुलाकर संस्था द्वारा एक-एक लाख रुपए दिए गए थे। मेरे पिता ने मुझे जो संस्कार दिए कि गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करनी है, मैं वही कर रहा हूं।
मासिक आधार पर आर्थिक मदद की बनाएंगे योजना
बीजेपी नेता ने कहा कि मैं यहां महिलाओं का जो दु:ख देख रहा हूं, वो केजरीवाल जी को पिछले 11 साल में नहीं दिखा। जब मैं उनसे मिला तो उन्होंने मुझे बताया कि न तो उनके पास पेंशन है, न ही उनके पास राशन कार्ड है, न ही उनके पास कोई मासिक आय का साधन है। दवा की कोई सुविधा नहीं है। मैंने तय किया कि हम हर महीने अपनी संस्था की तरफ से एक योजना बनाएंगे और मासिक आधार पर उनकी मदद करेंगे। आपको बता दें कि आज ही आतिशी की प्रेस कांफ्रेंस के बाद आम आदमी पार्टी संयोजक और पूर्व दिल्ली सीएम ने यह भी दावा किया कि प्रवेश वर्मा को बीजेपी दिल्ली चुनाव में सीएम कैंडिडेट बनाएगी।
