April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

टी20 वर्ल्डकप से पहले पाकिस्तान की फिर हो गई फजीहत, पीसीबी ने आईसीसी के समक्ष दर्ज कराई आपत्ति

नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप का आगाज फरवरी 2026 से होने जा रहा है मगर उससे पहले विश्व क्रिकेट में पाकिस्तान की एक बार फिर से फजीहत हो गई है। दरअसल इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने वर्ल्ड कप मैचों की टिकट बिक्री के लिए जो प्रचार पोस्टर जारी किया है उसमें भारत समेत पांच देशों के कप्तानों की फोटो है लेकिन पाकिस्तान की टीम के कप्तान सलमान अली आगा की तस्वीर नहीं है। आईसीसी के द्वारा इस तरह से इग्नोर किए जाने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने नाखुशी जताते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।

आगामी टी20 वर्ल्ड कप के प्रचार पोस्टर में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्कराम, ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श, श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका और इंग्लैंड टीम के कप्तान हैरी ब्रूक की फोटो लगी हुई है। खास बात यह है कि पोस्टर के बीचों बीच भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं। भारतीय कप्तान की तस्वीर के अगल बगल अन्य चार देशों के कप्तानों की फोटो लगाई गई है। कहीं न कहीं यह बात भी पाकिस्तान को जरूर खटक रही है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी के समक्ष इसको लेकर अपनी आपत्ति में कहा है कि पाकिस्तानी टीम भले ही आईसीसी टी20 रैंकिंग में टॉप पांच टीमों में शामिल नहीं है मगर पाकिस्तान क्रिकेट टीम का एक समृद्ध इतिहास है और विश्व कप में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली टीमों में से एक पाकिस्तान की टीम है।

पीसीबी ने कहा कि हमें विश्वास है कि आईसीसी वर्ल्डकप के प्रचार पोस्टरों और अभियानों में पाकिस्तानी कप्तान की फोटो को जरूर छापेगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एशिया कप के आयोजन से पहले भी पाकिस्तान के साथ ऐसा ही कुछ हुआ था। उस समय प्रसारकों ने पाकिस्तान कप्तान की फोटो के बिना ही प्रचार अभियान शुरू कर दिया था हालांकि बाद में एशियाई क्रिकेट परिषद ने इसमें सुधार कर लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *