April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राहुल द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स से तोड़ा नाता, हेड कोच पद से दिया इस्तीफा, पिछले साल ही टीम से जुड़े थे

नई दिल्ली। राहुल द्रविड़ ने आईपीएल की फ्रेंचाइजी टीम राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। द्रविड़ एक साल पहले 2024 में राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े थे। उससे पहले वो टीम इंडिया के हेड कोच थे। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से सोशल मीडिया के जरिए राहुल द्रविड़ के टीम से अलग होने के बारे में जानकारी दी गई है। आरआर की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि आईपीएल 2026 से पहले राहुल द्रविड़ अब टीम के हेड कोच नहीं होंगे। हालांकि राहुल द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स से अलग होने का फैसला क्यों किया इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

राजस्थान रॉयल्स की ओर से यह भी बताया गया है कि टीम मैनेजमेंट ने राहुल द्रविड़ को और बड़ी पोस्ट ऑफर की थी मगर उन्होंने उसे लेने से मना कर दिया। इसके साथ ही राहुल द्रविड़ का आभार जताते हुए राजस्थान रॉयल्स ने लिखा है कि आपकी उपस्थिति ने युवाओं और अनुभवी सभी खिलाड़ियों को प्रेरित किया। आपको बता दें कि राहुल द्रविड़ राजस्थान रॉयल्स टीम के लिए बतौर खिलाड़ी खेल भी चुके हैं। साल 2011 में राहुल द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स टीम ज्वाइन की थी और उसकी तरफ से आईपीएल मैच खेले थे। साल 2012-2013 में राहुल द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स टीम की कप्तानी भी संभाली थी।

आईपीएल 2025 की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 14 मैचों में से सिर्फ 4 मैच ही जीते थे जबकि 10 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा था। प्वाइंट्स टेबल में राजस्थान रॉयल्स की टीम 9वें स्थान पर रही थी। इससे पहले मीडिया रिपोर्ट में राहुल द्रविड़ और आरआर के कप्तान संजू सैमसन के बीच अनबन की खबरें भी आई थी। संजू सैमसन को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं  कि वो भी आरआर टीम से अलग हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *