June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रूस भागेंगे ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामनेई!, इन वजहों से अटकलों ने पकड़ा जोर

तेहरान। ईरान में जनता जबरदस्त विरोध प्रदर्शन कर रही है। ईरान के 31 में से 27 प्रांतों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इन विरोध प्रदर्शनों को ईरान की सरकार कुचलने की कोशिश कर रही है। इससे चार बच्चों समेत अब तक 35 लोग जान गंवा चुके हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर ईरान में सरकारी दमन पर ज्यादा लोगों की मौत हुई, तो उनका देश हमला करने के लिए तैयार है। ट्रंप की इस धमकी के बाद इन अटकलों ने जोर पकड़ा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामनेई भागकर रूस जा सकते हैं।

इजरायल के अखबार यरुशलम पोस्ट ने खबर दी है कि इजरायली अफसरों के साथ मिलकर अमेरिका ईरान में कदम उठाने के तौर-तरीकों पर विचार कर रहा है। अखबार ने खबर में कहा है कि ऐसे संकेत हैं कि अमेरिका की ओर से ईरान को टारगेट कर वहां विरोध प्रदर्शनों के जरिए सरकार को पलटने के बारे में विचार हो रहा है। अखबार ने खबर में ये भी बताया है कि इजरायल की सरकार भी देख रही है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ कार्रवाई के बाद ईरान में सत्ता परिवर्तन कराया जा सकता है या नहीं। ईरान में सत्ता बदलने में इजरायल का हाथ होने की चर्चाओं ने इस वजह से जोर पकड़ा, क्योंकि इजरायल की जासूसी एजेंसी मोसाद ने एक्स पर पोस्ट कर ईरान के प्रदर्शनकारियों को समर्थन दिया।

इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर संकेत दिए थे कि ईरान में हस्तक्षेप किया जा सकता है। ट्रंप ने लिखा था कि अगर अयातुल्लाह अली खामनेई की ईरान सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की, तो उनको नतीजा भुगतना होगा। ट्रंप की इस धमकी और ताजा खबरों के कारण अटकलों ने जोर पकड़ा है कि खामनेई ईरान छोड़कर जा सकते हैं। अमेरिका के अखबार द टाइम्स ने रिपोर्ट में बताया है कि 86 साल के अली खामनेई अपने परिवार और 20 करीबी साथियों के साथ देश छोड़ सकते हैं। अखबार के मुताबिक एक खुफिया सूत्र ने ये जानकारी दी है। अखबार का कहना है कि खामनेई के पास रूस जाने के अलावा विकल्प नहीं हैं। इससे पहले सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद भी देश छोड़कर परिवार समेत रूस चले गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *