खाड़ी में फिर युद्ध भड़केगा!, ट्रंप बोले- इस्लामी देश का यूरेनियम किया जाएगा नष्ट
तेहरान/वॉशिंगटन। खाड़ी में फिर युद्ध भड़क सकता है। अमेरिका ने ईरान के बंदर अब्बास के पास हमला बोला है। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड के मुताबिक बंदर अब्बास के पास समुद्र में बारूदी सुरंग बिछा रहीं ईरान की नावों को इस हमले में नष्ट किया गया। सेंट्रल कमांड ने इसे अपनी सुरक्षा के लिए कार्रवाई करार दिया है। वहीं, ईरान ने अमेरिका के इस हमले के बाद अपने एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया है। ईरान ने कहा है कि बंदर अब्बास में दो जहाजों पर अमेरिका ने हमला किया। जिसमें कुछ लोगों की जान गई है।
अमेरिकी सेना की ताजा कार्रवाई ईरान से शांति के लिए जारी बातचीत के बीच हुई है। अमेरिकी नौसेना पहले ही ईरान के बंदरगाहों पर जहाजों की आवाजाही रोकने के लिए होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी जारी रखे हुई है। बंदर अब्बास के पास अपनी नावों पर हमले का अगर ईरान ने जवाब दिया, तो खाड़ी में युद्ध फिर भड़कने के आसार बन सकते हैं। उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कहा है कि ईरान को अपना संवर्धित यूरेनियम सौंपना होगा। जिसे नष्ट किया जाएगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि संवर्धित यूरेनियम को या तो तुरंत अमेरिका को सौंप दिया जाएगा, ताकि उसे वापस लाकर नष्ट किया जा सके। या बेहतर ये होगा कि ईरान के साथ मिलकर उसे उसी जगह या अन्य स्वीकार्य स्थान पर नष्ट किया जाए।
ट्रंप लगातार ये कह रहे हैं कि ईरान को परमाणु कार्यक्रम बंद करना होगा और अपना संवर्धित यूरेनियम सौंपना होगा। वहीं, ईरान अड़ा हुआ है कि वो अपना परमाणु कार्यक्रम बंद नहीं करेगा। ईरान का कहना है कि वो परमाणु बम नहीं बनाना चाहता। उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण कार्यों के लिए है। इसी मुद्दे पर अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला बोला था। जिसके बाद ईरान ने भी पलटवार कर मिसाइलों और ड्रोन से बड़े हमले किए। दोनों पक्षों में 39 दिन तक युद्ध जारी रहा। जिसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने एकतरफा युद्धविराम का एलान किया था। ट्रंप तभी से लगातार धमकी दे रहे हैं कि अगर ईरान ने समझौता न किया, तो उस पर पहले के मुकाबले बहुत बड़ा हमला किया जाएगा।
