May 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सीबीएसई ने वेदांत की फिजिक्स कॉपी के मूल्यांकन और अपलोडिंग में गलती मानी, अन्य छात्रों का मामला भी देख रहा बोर्ड

नई दिल्ली। सीबीएसई ने वेदांत श्रीवास्तव नाम के छात्र की फिजिक्स परीक्षा की कॉपी के मूल्यांकन और अपलोडिंग में हुई गलती मान ली है। सीबीएसई ने कहा है कि अब नए सिरे से मूल्यांकन के बाद वेदांत को फिजिक्स में मिले नंबर संशोधित किए जाएंगे। सीबीएसई ने ये भरोसा भी दिया है कि कम नंबर मिलने की शिकायत करने वाले अन्य छात्रों का मामला भी गहराई से देखा जा रहा है। सीबीएसई के इस कदम से 12वीं की बोर्ड परीक्षा में कम नंबर पाने वाले और फिर से कॉपी चेकिंग की मांग कर रहे छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद बंधी है।

सीबीएसई के संयुक्त सचिव (को-ऑर्डिनेशन) ने वेदांत को ई-मेल के जरिए उसकी फिजिक्स की सही कॉपी भेजी है। बोर्ड ने लिखा है कि फिजिक्स की आपकी सही कॉपी संलग्न है। नए अंकों के आधार पर जल्दी ही आपकी परीक्षा का नतीजा अपडेट किया जाएगा। पूरा विवाद सीबीएसई की 12वीं परीक्षा के नतीजे आने के बाद शुरू हुआ था। सीबीएसई ने ऑन स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) शुरू कि है। इसके तहत बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का डिजिटल मूल्यांकन किया जाता है। रिजल्ट घोषित होने के बाद तमाम छात्रों ने आरोप लगाया कि उनको कम नंबर दिए गए हैं। इनमें वेदांत भी शामिल थे। वेदांत ने सीबीएसई परीक्षा की अपनी फिजिक्स कॉपी के री-इवैल्यूएशन का आवेदन दिया था।

सीबीएसई ने इसके बाद वेदांत को फिजिक्स की कॉपी का स्कैन भेजा। जिसके बाद वेदांत ने आरोप लगाया कि ये कॉपी उसकी नहीं है। वेदांत ने अंग्रेजी और कम्प्यूटर साइंस की कॉपी की लिखावट और फिजिक्स कॉपी में उससे अलग लिखावट का मुद्दा उठाया। वेदांत ने दावा किया था कि उसके परिवार और टीचर्स ने भी फिजिक्स की कॉपी में अलग हैंड राइटिंग को पहचान लिया। वेदांत ने कहा कि उसकी इंग्लिश और कम्प्यूटर साइंस कॉपी की लिखावट मेल खा रही है, लेकिन फिजिक्स की कॉपी की राइटिंग बिल्कुल अलग है। सोशल मीडिया पर उसने ये मुद्दा उठाया था। जिसके बाद सीबीएसई हरकत में आया और जांच की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *