तिरुवनंतपुरम में बीजेपी शासित नगर निगम ने बीजेपी पर लगाया 20 लाख जुर्माना
तिरुवनंतपुरम। बीजेपी का ये कदम आपको चौंकाने के साथ ही पार्टी की तारीफ करने को भी मजबूर कर देगा। मामला केरल का है। केरल के तिरुवनंतपुर में बीजेपी शासित नगर निगम है। बीजेपी शासित तिरुवनंतपुरम के नगर निगम ने बीजेपी पर ही 20 लाख रुपए का जुर्माना ठोक दिया है। दरअसल, पीएम नरेंद्र मोदी 23 जनवरी को तिरुवनंतपुरम गए थे। उस दौरान बीजेपी ने शहर को बैनर, झंडों और फ्लेक्स से सजाकर उनकी आवभगत की थी। अब बीजेपी के इन प्रचार मैटेरियल के मामले में बीजेपी शासित तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने जुर्माना लगाया है। गौर करने की बात है कि बीजेपी खुद को पार्टी विद डिफरेंस कहती है।
टाइम्स ऑफ इंडिया अखबार के मुताबिक बीजेपी पर जुर्माना लगाने से पहले तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने अवैध पोस्टर, बैनर, फ्लेक्स वगैरा हटाने का नोटिस भेजा था। जब बीजेपी की स्थानीय ईकाई ने इनको नहीं हटाया, तो बीजेपी शासित नगर निगम ने कार्रवाई कर दी। बीजेपी समर्थक जहां इसे कानून का राज बता रहे हैं। वहीं, विपक्ष इसे दिखावा कह रहा है। वहीं, तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मुताबिक बीजेपी पर जुर्माने की कार्रवाई में कोई सियासत नहीं, केरल हाईकोर्ट के आदेशों के तहत ऐसा किया गया है।
बीजेपी के जिला अध्यक्ष करमना जयन को बीजेपी शासित तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने नोटिस भेजकर कहा है कि वो 19.7 लाख का जुर्माना अदा करें। तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मुताबिक बीजेपी की स्थानीय ईकाई को कई बार चेतावनी दी गई। इसके बावजूद बैनर, झंडे वगैरा नहीं हटाए गए। खास बात ये भी है कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने इस मामले में कैंटोनमेंट थाने में एफआईआर भी कराई है। तिरुवनंतपुरम नगर निगम के सचिव जहांगीर एस. ने अखबार को बताया कि केरल हाईकोर्ट के आदेश के तहत पहले भी कई सियासी पार्टियों पर जुर्माना लगाया गया है। उनका कहना है कि चाहे पार्टी कोई हो, लेकिन नियम तोड़ने पर कार्रवाई होगी।
