लोकसभा में पीएम मोदी की सीट घेरे कांग्रेस की महिला सांसदों का आया नया Video
नई दिल्ली। बीते दिनों राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पीएम नरेंद्र मोदी को लोकसभा में हो रही चर्चा का जवाब देना था। पीएम मोदी के जवाब से पहले कांग्रेस की कई महिला सांसदों ने लोकसभा में पीएम की सीट को घेरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। जिसकी वजह से कार्यवाही स्थगित हो गई थी। इस मामले में अब संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नया वीडियो जारी कर कांग्रेस पर निशाना साधा है। किरेन रिजिजू ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा है कि कांग्रेस को अपने सांसदों के सबसे घटिया बर्ताव पर गर्व है! अगर हमने सभी बीजेपी सांसदों को नहीं रोका होता, और भिड़ने दिया होता, तो बहुत खराब नजारा होता। उन्होंने संसद की गरिमा और पवित्रता की रक्षा करने को बड़ी जिम्मेदारी बताया है।
किरेन रिजिजू ने जो वीडियो पोस्ट किया है, उसमें दिख रहा है कि कांग्रेस की महिला सांसद हाथ में बैनर लेकर लोकसभा में पीएम मोदी के बैठने की जगह को घेर लेती हैं। एक सांसद हाथ से इशारा कर साथियों को बुलाती भी दिखती हैं। वहीं, कांग्रेस सांसदों के इस कदम के बाद बीजेपी के सांसद और मोदी सरकार के मंत्री आगे आते हैं। वीडियो में दिखता है कि अर्जुन राम मेघवाल, अश्विनी वैष्णव, गिरिराज सिंह वगैरा लगातार कांग्रेस की महिला सांसदों से आग्रह करते हैं कि वे वहां से हट जाएं, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकलता। इस घटना के बाद लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल तक स्थगित की गई थी।
कांग्रेस की महिला सांसदों की ओर से पीएम की सीट घेरे जाने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का भी बयान आया था। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा था कि देश ने देखा कि सदन में क्या हुआ। सबने देखा कि कैसे सांसदों ने सदन में पीएम की सीट की तरफ जाने की कोशिश की। ओम बिरला ने बयान में कहा कि सदन में जो हुआ, वो एक काले धब्बे की तरह था। उन्होंने ये दावा भी किया कि उनके पास पुख्ता जानकारी आई थी कि कांग्रेस सांसद पीएम मोदी के पास पहुंचकर कोई अप्रत्याशित घटना कर सकते हैं। अगर ऐसी घटना होती, तो बेहद निंदनीय होती। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा था कि उन्होंने पीएम से सदन में न आने का आग्रह किया था। वहीं, कांग्रेस इस मसले पर कह रही है कि पार्टी के किसी सांसद ने पीएम मोदी से कोई बदसलूकी नहीं की। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने अंग्रेजी चैनल टाइम्स नाउ से कहा कि उन्होंने लोकसभा में पहले इससे खराब नजारे देखे हैं।
