May 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राहुल गांधी को जीवन भर चुनाव लड़ने से किया जाए प्रतिबंधित, लोकसभा में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने पेश किया प्रस्ताव

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आज बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने संसद में एक प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव में बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता को रद्द किए जाने और जीवन भर उनको चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित करने की मांग की गई है।

संसद भवन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए निशिकांत दुबे ने कहा, राहुल गांधी देश को तोड़ने वाली ताकतों सोरोस, यूएस एआईडी, फोर्ड फाउंडेशन के साथ मिलकर देश को गुमराह कर रहे हैं, सेना के मनोबल को गिरा रहे हैं और जितनी विरोधी शक्तियां हैं उनके साथ एकजुट होकर भारत के टुकड़े-टुकड़े कर देना चाहते हैं, इसीलिए मैंने आज लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ एक सब्सटेंटिव मोशन पेश किया है।

निशिकांत दुबे ने कहा कि मैंने लोकसभा स्पीकर से अनुरोध किया है कि मेरे प्रस्ताव को स्वीकार किया जाए और इस पर चर्चा की जाए। मैंने अपने प्रस्ताव में यह अनुरोध किया है कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त कर दी जाए और वो जीवन भर चुनाव न लड़ पाए इसके लिए उनको प्रतिबंधित कर दिया जाए। आपको बता दें कि बुधवार को बजट पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने सरकार पर आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील के लिए भारत को अमेरिका के हाथों बेच दिया। राहुल गांधी के इस बयान का सत्ता पक्ष ने जोरदार तरीके से विरोध किया।

राहुल गांधी की बात पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सख्त लहजे में कहा कि भारत को खरीद सके ऐसा कोई माई का लाल आज तक पैदा नहीं हुआ है। वहीं राहुल गांधी के भाषण के समय चेयर पर आसीन बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने भी उनको नसीहत दी थी। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं और इसलिए उनको अपने शब्दों और भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed