पीएम की रैली को लेकर अभेद्य सुरक्षा: एसपीजी के हवाले मंच, 8000 पुलिसकर्मी तैनात
नरेंद्र बंसल-
मेरठ, 21 फरवरी। रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित रैली को लेकर जिले में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतज़ाम किए गए हैं। रैली स्थल को एसपीजी के हवाले कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में कुल आठ हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस की ओर से ड्यूटी चार्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा के लिए मेरठ, आगरा और बरेली जोन से फोर्स बुलाई गई है। इसके साथ ही पीएसी की लखनऊ, मुरादाबाद और गाजियाबाद वाहिनियों के जवान भी तैनात किए गए हैं। आरएएफ और अर्धसैनिक बलों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
शुक्रवार को सभा स्थल पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी कार्ड जारी किए गए। एडीजी, कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने संयुक्त रूप से ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी। रैली को लेकर एनएसजी की टीम भी पहुंच चुकी है। मंच और सभा स्थल की पहली सुरक्षा परत एसपीजी के पास रहेगी। दूसरी परत में सादी वर्दी में पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि तीसरी परत में पीएसी और अर्धसैनिक बलों को लगाया गया है।
प्रधानमंत्री की रैली के मद्देनज़र शताब्दीनगर और मेरठ साउथ स्टेशन पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री मेरठ साउथ स्टेशन से कार द्वारा सभा स्थल तक जाएंगे, जिस पूरे मार्ग पर पुलिस बल की कड़ी तैनाती रहेगी। दोनों हेलीपैड्स और सभा स्थल के आसपास भी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
शताब्दीनगर और मेरठ साउथ स्टेशन के आसपास की फैक्ट्रियों और मकानों में भी अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। रविवार सुबह 8 बजे से ड्यूटी संभाल ली जाएगी। अधिकारियों ने लगभग तीन घंटे तक पुलिसकर्मियों को ब्रीफ कर भीड़ नियंत्रण और सतर्कता को लेकर दिशा-निर्देश दिए। स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी स्थिति में पुलिसकर्मी अपना ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेंगे। इसके अलावा रिजर्व पुलिस बल को भी सभा स्थल और रैपिड स्टेशनों के पास तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
