टी20 वर्ल्ड कप विवाद पर बड़ा खुलासा, बांग्लादेश को मोहसिन नकवी ने भड़काया!
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्डकप 2026 में बांग्लादेश की टीम को लेकर हुए विवाद पर अब एक बड़ा खुलासा हुआ है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के पूर्व महासचिव सैयद अशरफुल हक ने दावा किया है कि पकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश को भड़काया था। रेवस्पोर्ट्ज की खबर के अनुसार सैयद अशरफुल हक ने बीसीबी और अपने देश के क्रिकेट मैनेजमेंट को जमकर सुनाया है। अशरफुल हक ने कहा कि बीसीबी अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम नासमझी के कारण पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी की बातों में आ गए और इस वजह से टीम को वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा।
अशरफुल हक ने कहा कि मोहसिन नकवी ने अमिनुल को प्रभावित कर अपनी बात मनवाई। उन्होंने आगे कहा कि बांग्लादेश का नाम क्रिकेट जगत में सम्मान के साथ लिया जाता था, लेकिन कुछ लोगों और सरकार के गलत फैसलों के कारण बांग्लादेश क्रिकेट की छवि धूमल हुई है। क्रिकेट एडमिनिस्ट्रेशन में किसी भी व्यक्ति का ध्यान ईमानदारी और प्रतिबद्धता पर होना चाहिए। आपको बता दें कि भारत और बांग्लादेश के बीच तल्खी की वजह से बांग्लादेश ने सुरक्षा का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया था। हालांकि भारत की ओर से खिलाड़ियों की सुरक्षा का पूरा आश्वासन दिया मगर उसके बावजूद बीसीबी अपने अड़ियल रवैए पर कायम रहा।
बीसीबी ने आईसीसी से मांग उठाई कि बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर कराए जाएं मगर आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया। आईसीसी की ओर से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को काफी समझाने का प्रयास हुआ मगर बांग्लादेश की सरकार ने कहा कि अगर मैच का वेन्यू नहीं बदला तो वो उनकी टीम वर्ल्डकप का बॉयकॉट कर देगी। इसके बाद आईसीसी ने कड़ा एक्शन लेते हुए बांग्लादेश को बाहर का रास्ता दिखा दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड की टीम को शामिल कर लिया। उधर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी पहले भारत से मैच नहीं खेलने की बात कही मगर बाद में बैकफुट पर आ गया।
