लिएंडर पेस को मिली एक्स कैटेगरी की सुरक्षा, बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के मद्देनजर गृह मंत्रालय का फैसला
नई दिल्ली। पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस को केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से एक्स कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई है। पेस अब हर वक्त सीआईएसएफ के जवानों के सुरक्षा घेरे में रहेंगे। लिएंडर पेस ने हाल ही में बीजेपी ज्वाइन की है। बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पेस की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई हीलाहवाली न हो इसके मद्देनजर केंद्र सरकार की ओर से उनकी सुरक्षा को लेकर आदेश जारी किया गया है। बीजेपी में शामिल होने से पहले पेस ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस में थे जिसे उन्होंने 2021 में ज्वाइन किया था। अभी हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेस को बुलाकर मुलाकात की थी।
मोदी से मुलाकात के बाद पेस ने बताया था कि प्रधानमंत्री ने मुझे एक बंगाली होने के नाते सम्मान दिया। साथ ही युवाओं तथा खेलों को लेकर पीएम ने अपना विजन भी बताया। साल 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों जिसकी मेजबानी का भारत प्रबल दावेदार है मोदी ने उसके लिए भी पेस को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पेस का कहना है कि उनके अंदर देश सेवा का जज्बा पूरी तरह से मौजूद है और देश हित में काम करने के लिए वो हर चुनौती का सामना करने को तैयार हैं। पेस ने पिछले महीने मार्च में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही यह कयास लगने शुरू हो गए थे कि पेस बीजेपी में जा सकते हैं।
दरअसल ममता बनर्जी ने पेस को अपना छोटा भाई बताते हुए टीएमसी में शामिल तो किया था मगर उनकी कोई भूमिका तय नहीं की, माना जा रहा है कि इसी वजह से उन्होंने बीजेपी का दामन थामा। आपको बता दें कि लिएंडर पेस भारत के एकलौते टेनिस खिलाड़ी हैं जिन्होंने ओलंपिक के एकल वर्ग में देश के लिए मेडल जीता है। साल 1996 में अटलांटा में हुए ओलंपिक खेलों में लिएंडर पेस ने कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा डबल्स और मिश्रित डबल्स मिलाकर लिएंडर बार 18 बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके हैं।
