नासिक में आईटी मल्टीनेशनल कंपनी में महिला कर्मचारियों का यौन शोषण, 6 टीम लीडर गिरफ्तार, SIT गठित
नई दिल्ली। नासिक में एक आईटी मल्टीनेशनल कंपनी में महिला कर्मचारियों के यौन शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित महिला कर्मचारियों की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद यह मामला उजागर हुआ है। इस संबंध में अलग-अलग थानों में अब तक कुल नौ केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए कंपनी के इंजीनियर और टीम लीडर स्तर के 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। नासिक पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है। असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर (ACP) के नेतृत्व वाली इस एसआईटी टीम में 12 पुलिस अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सभी पीड़िताओं की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है और वो सब आर्थिक रूप से कमजोर हैं। पीड़िताओं के अनुसार कंपनी में काम करने वाले कुछ पुरुष सहयोगी उन्हें शारीरिक रूप से परेशान करने की कोशिश करते थे, कपड़ों और शरीर पर आपत्तिजनक कमेंट किए जाते थे। मानसिक दबाव बनाया जाता था। यहां तक कि कुछ मामलों में जबरन धार्मिक गतिविधियों में शामिल करने के भी आरोप पीड़िताओं ने लगाए हैं। पीड़िताओं का कहना है कि पिछले दो से तीन वर्षों से यह सब वो झेल रही हैं।
पीड़ित महिला कर्मचारी ने यह भी कहा कि पहले वो एचआर डिपार्टमेंट के पास अपनी शिकायत लेकर गई थीं लेकिन वहां से कोई ठोस एक्शन नहीं लिया गया जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कंपनी की एक एचआर कर्मचारी के खिलाफ भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है उनका नाम आसिफ अंसारी, शफी शेख, शाहरुख कुरैशी, रजा मेमन और तौसीफ अत्तर बताया जा रहा है। इनमें से एक आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप है, जिसने कथित तौर पर एक पीड़िता को पहले प्रेम जाल में फंसाया फिर उसका शारीरिक और यौन शोषण किया।
