दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व MLA आसिफ मोहम्मद खान को किया गिरफ्तार, MCD कर्मचारियों को बनाया था मुर्गा
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने शाहीन बाग इलाके में एमसीडी के कर्मचारियों को मुर्गा बनाने वाले ओखला से कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान को गिरफ्तार कर लिया है। आसिफ ने जब एमसीडी कर्मचारियों को मुर्गा बनाया था, तो उसका वीडियो किसी ने बनाया था। ये वीडियो वायरल हुआ था। आसिफ मोहम्मद खान ने ये कहते हुए एमसीडी के कर्मचारियों को मुर्गा बनाया था कि वे कांग्रेस के बैनर और पोस्टर उतारते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी के बैनर नहीं उतारते।
बता दें कि आसिफ मोहम्मद खान को सीएए विरोधी हिंसा की घटनाओं के बाद भी दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आसिफ पर आरोप है कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के पास हुई हिंसा की घटनाओं को उसने भड़काया। आसिफ ने इस पर खुद को निर्दोष बताया था। दिल्ली में पिछले साल दिसंबर में हिंसा भड़की थी। उस वक्त सीएए कानून के खिलाफ शाहीन बाग में आंदोलनकारी धरने पर बैठ गए थे।
आसिफ मोहम्मद खान पर अब ये आरोप लगा है कि उन्होंने सरकारी कामकाज में बाधा डाली और सरकारी कर्मचारियों से बदसलूकी की। आसिफ मोहम्मद खान का एमसीडी कर्मचारियों को मुर्गा बनाने वाला वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेता ने इस पर अब तक कोई सफाई नहीं दी है। कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने भी वीडियो पर अपना रुख साफ नहीं किया है।
