बीजेपी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए जारी किया घोषणा पत्र, महिलाओं को 2 हजार रुपए और मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने समेत कई अन्य वादे
नई दिल्ली। बीजेपी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र में प्रदेश के हर घर की महिला मुखिया को दो हजार रुपए मासिक सहायता और प्रत्येक परिवार को दस हजार रुपए की एकमुश्त राशि देने का वादा किया है। इसके अलावा महिलाओं के नेतृत्व वाली सहकारी समितियों और स्वयं सहायता समूहों तथा छोटे उद्योगों को 50 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त लोन दिए जाने की बात भी बीजेपी ने कही है।
घोषणापत्र के मुख्य बिंदु-
– सभी महिला मुखियाओं को ₹ 2,000 की मासिक सहायता और प्रत्येक परिवार को ₹ 10,000 की एकमुश्त राशि दी जाएगी।
– साल में तीन एलपीजी सिलेंडर मुफ्त उपलब्ध कराने का वादा
– अपराध पर लगाम के लिए जीरो एफआईआर रिपोर्टिंग तथा जघन्य अपराधों के लिए विशेष त्वरित न्यायालय स्थापित किए जाएंगे
– बसों, स्कूलों और विश्वविद्यालयों में 100 ब्लाइंड स्पॉट-फ्री सीसीटीवी कैमरे लगाएंगे।
– महिलाओं के नेतृत्व वाली सहकारी समितियों को सशक्त बनाने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों और लघु एवं मध्यम उद्यमों को 50 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
– पात्र महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रुपये दिए जाएंगे।
– केंद्र सरकार द्वारा दिए गए 6,000 रुपये के अतिरिक्त किसानों को 3,000 रुपये की एक्स्ट्रा राशि दी जाएगी, जिससे कुल धनराशि 9,000 रुपये हो जाएगी।
– नशीली दवाओं के उन्मूलन के लिए एक समर्पित विभाग और कड़ी निगरानी के लिए एक नशीली दवाओं विरोधी कार्य बल का गठन
– गांजा मुक्त राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्धता
– आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रत्येक जिले को निःशुल्क अतिरिक्त एम्बुलेंस
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए कहा, हम जो कहते हैं, वही करते हैं। सत्ताधारी डीएमके को निशाने पर लेते हुए उन्होंने उस पर वंशवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। नड्डा बोले, डीएमके रिश्वतखोर, भ्रष्टाचारी पार्टी और कमीशन का प्रतीक है। स्टालिन के नेतृत्व में पूरी व्यवस्था भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
