तमिलनाडु में एआईएडीएमके में टूट के आसार, टीवीके को समर्थन देने के पक्ष में हैं पार्टी के आधे से ज्यादा विधायक
नई दिल्ली। तमिलनाडु में थलापति विजय की पार्टी टीवीके को मिली जीत के बाद अब सरकार गठन की कवायद चल रही है। टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं मगर अभी बहुमत के लिए 118 सीटें चाहिए। ऐसे में टीवीके को अन्य दलों का साथ चाहिए होगा। इस बीच ऐसी खबर आ रही है कि एआईएडीएमके में टूट के आसार हैं। एआईएडीएमके को 47 सीटें मिली हैं और वो सीटे जीतने के मामले में प्रदेश में तीसरे नंबर की पार्टी है। एआईएडीएमके के आधे से ज्यादा विधायक थलापति विजय की पार्टी टीवीके को समर्थन देना चाहते हैं। यह विजय के लिए अच्छी खबर है और इससे सरकार बनाने की उनकी राह आसान हो जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एआईएडीएमके विधायकों ने अप्रत्यक्ष तौर पर पूर्व सीएम और पार्टी के वरिष्ठ नेता एडप्पाडी पलानीस्वामी को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने टीवीके को समर्थन देने के संबंध में जल्द फैसला नहीं लिया तो पार्टी के 30 से ज्यादा विधायक पार्टी तोड़कर थलापति विजय को सपोर्ट कर देंगे। अगर ऐसा हुआ तो यह एआईएडीएमके के लिए बहुत बड़ा झटका साबित होगा और पार्टी तितर-बितर हो जाएगी। फिलहाल इस संबंध में एआईएडीएमके नेतृत्व की ओर से कोई बयान नहीं आया है। उधर, टीवीके की ओर से कांग्रेस को गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया गया था और इसको लेकर दोनों दलों में अंदर ही अंदर बातचीत चल रही है।
सूत्रों के आधार पर ऐसा दावा भी किया गया है कि कांग्रेस टीवीके को समर्थन करने के लिए तैयार है और जल्द ही राज्यपाल को अपना समर्थन पत्र सौंप सकती है। हालांकि कांग्रेस के 5 एमएलए के समर्थन के बाद भी टीवीके को अन्य विधायकों की जरूरत पड़ेगी और ऐसा लग रहा है कि उसके लिए टीवीके की राह एआईएडीएमके आसान कर देगी। बता दें तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की डीएमके ने 59 सीट जीती हैं। वहीं वाम दलों ने हिस्से दो सीटें गई हैं। एक सीट पर बीजेपी कैंडिडेट भी विजयी हुआ है।
