May 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Byju’s के फाउंडर रवींद्रन को 6 महीने की जेल और 70,500 डॉलर का जुर्माना, सिंगापुर की अदालत ने सुनाई सजा

नई दिल्ली। भारत की चर्चित एडटेक कंपनी Byju’s के फाउंडर बायजू रवींद्रन को सिंगापुर की एक अदालत ने 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। इतना ही नहीं रवींद्रन पर कोर्ट ने 90,000 सिंगापुर डॉलर यानी लगभग 70,500 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना भी लगाया है। अदालत की अवमानना के आरोप में रवींद्रन पर यह कार्रवाई हुई है। रवींद्रन ने अप्रैल 2024 से अपनी संपत्ति से संबंधित कई अदालती आदेशों का बार-बार उल्लंघन किया है। अदालत ने रवींद्रन को तुरंत सरेंडर करने और जुर्माना भरने का निर्देश दिया है।

इसके साथ ही कोर्ट ने रवींद्रन को ‘Beeaar Investco Pte’ नाम की कंपनी के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज भी जमा करने को कहा है। इस कंपनी के पास एक अन्य संबंधित फर्म के शेयर मौजूद हैं। कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी की एक सहायक कंपनी रवींद्रन के खिलाफ यह केस लड़ रही है। इस प्रमुख सॉवरेन वेल्थ फंड ने उस वक्त बायजू में निवेश किया था, जब Byju’s भारी दबाव में थी और कर्मचारियों की छंटनी कर रही थी। एक समय में भारत के सबसे प्रमुख स्टार्टअप्स में से एक रहे Byju’s के फाउंडर रवींद्रन आज बड़ी मुश्किल में चौतरफा घिरे हुए हैं। सिंगापुर के अलावा अमेरिका में भी बायजू रवींद्रन कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं।

रवींद्रन के खिलाफ यूएस में कर्जदाता 1.2 बिलियन डॉलर के लोन की भरपाई के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। एक समय में ऐसा भी था जब बायजू रवींद्रन का नाम हर किसी की जुबान पर था। फोर्ब्स की बिलेनियर इंडेक्स 2024 के अनुसार, 4 अप्रैल 2023 को बायजू रवींद्रन की नेटवर्थ 2.1 बिलियन डॉलर यानी करीब 17,545 करोड़ रुपए आंकी गई थी। कोर्ट से सजा सुनाए जाने के बाद फिलहाल अभी तक बायजू रवींद्रन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। उनकी लोकेशन को लेकर भी यह क्लियर नहीं है कि वो सिंगापुर में हैं या कहीं किसी और देश में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *