टीएमसी विधायक दिलीप मंडल गिरफ्तार, पुरी के एक होटल से पुलिस ने पकड़ा, कई दिनों से चल रहे थे फरार
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बिष्णुपुर से तृणमूल कांग्रेस के विधायक दिलीप मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स और डायमंड हार्बर पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा के एक होटल में छापेमारी कर टीएमसी विधायक को पकड़ा है। विधायक दिलीप मंडल का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ था जिसमें वो बीजेपी कार्यकर्ताओं को खुलेआम धमकी दे रहे थे। इस मामले में उनके खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था जिसके बाद से वो फरार चल रहे थे।
इससे पहले 14 मई को पैलान स्थित उनके बंगले पर बंगाल पुलिस पहुंची थी मगर पुलिस के आने से पहले ही विधायक घर छोड़कर फरार हो गए थे। उसके बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। एसटीएफ को उसके सूत्रों से खबर मिली कि टीएमसी विधायक पुरी के एक होटल में छिपे हुए हैं। इसके बाद एसटीएफ और डायमंड हार्बर पुलिस की संयुक्त टीम ने वहां पहुंचकर होटल से टीएमसी विधायक दिलीप मंडल को पकड़ लिया। पुलिस टीम अब उनको लेकर कोलकाता रवाना होगी। इसके बाद उनका मेडिकल कराया जाएगा और फिर कोर्ट में उनको पेशी किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार पकड़े जाने से पहले विधायक मंडल लगातार अपनी लोकेशन चेंज कर रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए दिलीप मंडल ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की है। इस याचिका में उन्होंने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने और अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द किए जाने का कोर्ट से अनुरोध किया है। हालांकि याचिका पर सुनवाई से पहले ही पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस उनके बेटे अर्घ्य मंडल को भी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अर्घ्य मंडल को इलाके में अशांति फैलाने के आरोप में अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। विधायक के बेटे के साथ पुलिस ने चार अन्य करीबियों को भी गिरफ्तार किया था।
