July 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

वाराणसी में काशी रेलवे स्टेशन पर बने मजार, मस्जिद और मंदिर पर बुलडोजर एक्शन, मॉडल स्टेशन बनाने के लिए कार्रवाई

वाराणसी। यूपी के वाराणसी में मंगलवार देर रात बुलडोजर एक्शन कर प्रशासन ने अजगैब शहीद मजार, मजार के साथ बनी मस्जिद और एक हनुमान मंदिर को ढहा दिया। काशी रेलवे स्टेशन परिसर में मजार, मस्जिद और मंदिर बने हुए थे। काशी रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के तौर पर नया रूप दिया जाना है। कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने यहां बुलडोजर कार्रवाई की है। काशी रेलवे स्टेशन पर मजार, मस्जिद और मंदिर को ढहाने से पहले एसीपी शिवहरि मीणा ने मौके का जायजा लिया। जिसके बाद अवैध निर्माण की बैरिकेडिंग कर 3 बुलडोजर से कार्रवाई की गई।

काशी रेलवे स्टेशन परिसर स्थित मजार, मस्जिद और मंदिर को ढहाने के वक्त बड़ी तादाद में पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया। बुलडोजर कार्रवाई पूरी होने तक काशी के डीसीपी गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी विजय प्रताप समेत तमाम अफसर भी मौजूद रहे। ढहाने के बाद मजार, मस्जिद और मंदिर के मलबे को वहां से हटा दिया गया। वाराणसी के भदऊ चुंगी इलाके में अजगैब शहीद मजार के बारे में मुस्लिम पक्ष ने दावा किया था कि ये सैकड़ों साल पुराना है। वहीं, प्रशासन का कहना है कि रेलवे की जमीन पर कब्जा कर मजार, मस्जिद बनाई गई। फिर यहां एक हनुमान मंदिर भी बनाया गया।

साल 2024 में जब काशी रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन में बदलने की तैयारी शुरू हुई, तो पता चला कि रेलवे की जमीन पर मजार, मस्जिद और मंदिर बने हुए हैं। रेलवे ने जमीन को खाली करने के लिए कहा। इस पर मुस्लिम पक्ष कोर्ट चला गया। बीते दिनों कोर्ट ने रेलवे के पक्ष में फैसला सुनाया। जिसके बाद रेलवे ने मुस्लिम पक्ष को जमीन खाली करने का नोटिस दिया था। इसका पालन न करने पर वाराणसी प्रशासन की मदद से रेलवे ने मजार, मस्जिद वगैरा को ढहाकर जमीन पर कब्जा ले लिया। इस बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब काशी रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के तौर पर विकसित करने का काम शुरू हो सकेगा। काशी रेलवे स्टेशन शहर का सबसे पुराना स्टेशन है। इसके अलावा वाराणसी कैंट और मंडुआडीह नाम के दो और स्टेशन भी शहर में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *