तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुखेंदु शेखर रे ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा, पार्टी भी छोड़ी
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। अब तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुखेंदु शेखर रे ने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही उन्होंने टीएमसी भी छोड़ दी है। सुखेंदु शेखर रे ने राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन के आवास पर जाकर उनको अपना इस्तीफा सौंपा है। वहीं ममता बनर्जी को भी इस्तीफा मेल कर दिया है। सुखेंदु ने पहले ही अपने इस्तीफे के संकेत दे दिए थे। एक तरफ ममता बनर्जी इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंची हैं और उधर उनकी पार्टी के सांसद ने उनका साथ छोड़ दिया है।
वहीं ऐसी खबर है कि टीएमसी की एक और सांसद कोयल मलिक भी इस्तीफा दे सकती हैं। टीएमसी ने कोयल मलिक इसी साल अप्रैल में राज्यसभा भेजा था। राज्यसभा में तृणमूल के अभी तक 13 सांसद थे अब सुखेंदु के इस्तीफे के बाद 12 बचे हैं। अगर कोयल मलिक भी रिजाइन करती हैं तो यह संख्या 11 हो जाएगी। टीएमसी सांसद रॉय ने ऐसे समय पर इस्तीफा दिया है जब पार्टी पहले ही टूट की कगार पर खड़ी हुई है। लगभग 60 विधायक ममता बनर्जी के खिलाफ जाकर बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी का समर्थन कर दिया है और इसी वजह से विधानसभा अध्यक्ष ने ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दे दी है।
ऋतब्रत बनर्जी ने बीते दिनों ममता के बागी विधायकों को साथ लेकर विधानसभा स्पीकर से मुलाकात की थी और असली टीएमसी होने का दावा किया था। दरअसल, ममता बनर्जी ने शोभनदेब चट्टोपाध्याय को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया था लेकिन ममता के इस फैसले से टीएमसी विधायक बगावत पर उतर आए और पार्टी से निष्कासित ऋतब्रत बनर्जी का समर्थन कर दिया। अब विधायकों के बाद सांसद भी ममता का साथ छोड़ रहे हैं। बीते कई दिनों से ऐसी खबरें चल रही हैं कि टीएमसी के कई सांसद अलग रास्ता चुन सकते हैं।
