June 8, 2026

Hind foucs news

hindi new update

टीएमसी नेता जहांगीर खान गिरफ्तार, बंगाल एसटीएफ ने नेपाल बॉर्डर के पास से पकड़ा

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता जहांगीर खान को बंगाल एसटीएफ ने नेपाल बॉर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। जहांगीर खान ने फलता विधानसभा से टीएमसी की टिकट पर चुनाव लड़ा था। चुनाव में हुई हिंसा और गड़बड़ी के चलते वहां दोबारा चुनाव कराया गया था। दूसरी बार हुई वोटिंग से पहले जहांगीर खान ने चुनावी मैदान छोड़ दिया था और नाम वापस ले लिया था। जहांगीर खान के खिलाफ लोगों को डराने, धमकाने, हिंसा, जबरन वसूली के कई मामले दर्ज हैं। चुनाव नतीजे आने के बाद से ही जहांगीर खान फरार था और नेपाल भागने की फिराक में था। फलता हिंसा मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने हाल ही में जहांगीर को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था।

विधानसभा चुनाव में विशेष पर्यवेक्षक के रूप में बंगाल में ड्यूटी पर भेजे गए यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा के साथ विवाद को लेकर जहांगीर खान का नाम काफी चर्चा में रहा था। दरअसल आईपीएस अजय पाल शर्मा को यह शिकायत मिली थी कि टीएमसी के पक्ष में वोट देने के लिए जहांगीर खान के द्वारा लोगों को डराया, धमकाया जा रहा है। इस पर यूपी के सिंघम कहे जाने वाले अजय पाल शर्मा ने जहांगीर के घर पहुंचकर चेतावनी दी थी कि अगर वोटरों को डराया-धमकाया तो सख्त कार्रवाई करेंगे।

अजय पाल शर्मा ने कहा था कि अगर कहीं किसी ने खुराफात करने या किसी को परेशान करने की कोशिश की, तो उसकी अच्छे से खबर लेंगे। बदमाशी करने वाले का कायदे से इलाज किया जाएगा। अजय पाल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हुआ था। अजय पाल शर्मा की इसी चेतावनी के बाद जहांगीर खान ने खुद को ‘पुष्पा’ बताते हुए कहा था कि न झुकने की चुनौती दी थी। एक सभा में अजय पाल शर्मा का नाम लिए बिना जहांगीर खान ने कहा कि खेल तुमने शुरू किया है, खत्म हम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *