July 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारत ने परमाणु हथियारों की संख्या बढ़ाई, जानिए पाकिस्तान के पास कितने न्यूक्लियर बम?

नई दिल्ली। दुनिया के ताकतवर देशों के पास हजारों की संख्या में परमाणु हथियार हैं। दक्षिण एशिया में भारत और पाकिस्तान ही दो परमाणु ताकत हैं। अब स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट यानी SIPRI की ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत ने 2025 के मुकाबले अपने परमाणु हथियारों की तादाद में बढ़ोतरी की है। सीपरी की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान ने बीते एक साल में परमाणु हथियारों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं की है।

हालांकि, कोई भी देश अपने परमाणु हथियारों की संख्या का खुलासा नहीं करता। ऐसे में सीपरी की रिपोर्ट एक अनुमान ही है। सीपरी ने अनुमान लगाया है कि भारत के पास अब 190 परमाणु हथियार हैं। जबकि, 2025 में उसके पास 180 परमाणु हथियार थे। पाकिस्तान के पास 170 परमाणु हथियार होने का सीपरी ने अपनी रिपोर्ट में अनुमान लगाया है। सीपरी की रिपोर्ट कहती है कि रूस के पास सबसे ज्यादा 5420 परमाणु हथियार हैं। जबकि, अमेरिका के पास 5042 परमाणु हथियार हैं। सीपरी के मुताबिक चीन ने परमाणु हथियारों की संख्या 600 से बढ़ाकर 620 कर ली है। वहीं, फ्रांस ने परमाणु हथियारों के भंडार में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी कर उसे 290 की जगह 370 कर दिया है।

सीपरी की रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु हथियारों की संख्या बढ़ाकर 60 की है। सीपरी ने 2025 में उत्तर कोरिया के पास 50 परमाणु हथियार होने का अनुमान लगाया था। सीपरी की रिपोर्ट कहती है कि जनवरी 2026 में दुनियाभर में 12187 परमाणु हथियार थे। जबकि, 2025 में इनकी संख्या 12241 थी। इस तरह बीते एक साल में परमाणु हथियारों की संख्या में कुछ कमी आई है। परमाणु हथियार का अब तक सिर्फ दो बार इस्तेमाल हुआ है। अमेरिका ने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान 6 अगस्त को जापान के हिरोशिमा और 9 अगस्त को नागासाकी पर परमाणु बम गिराए थे। जिससे लाखों लोगों की जान गई। इसके बाद एक के बाद एक देश ने अपनी सुरक्षा के लिए परमाणु हथियार बनाने शुरू किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *