June 8, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जयपुर में नूरानी मस्जिद और दो मंदिर समेत कई ढांचों पर बुलडोजर एक्शन, बड़ी तादाद में पुलिस तैनात, इंटरनेट बंद

नई दिल्ली। राजस्थान की राजधानी जयपुर में बड़ा बुलडोजर एक्शन जारी है। जयपुर के मालवीय नगर में नूरानी मस्जिद के अवैध हिस्से को बुलडोजर से तोड़ने की कार्रवाई शुरू हुई है। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने नूरानी मस्जिद के अवैध हिस्से को तोड़ने का काम सोमवार सुबह 7 बजे से शुरू किया। इस कार्रवाई के लिए बड़ी तादाद में पुलिस तैनात की गई है। बुलडोजर एक्शन के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए जयपुर और आसपास रविवार आधी रात से इंटरनेट बंद किया गया है। इंटरनेट सेवा 9 जून की रात 12 बजे तक बंद रहेगी।

नूरानी मस्जिद को रविवार रात ईशा की नमाज के बाद बंद कर दिया गया था। बुलडोजर कार्रवाई शुरू होने पर मस्जिद कमेटी से की मौजूद नहीं था। मस्जिद कमेटी ने इस कार्रवाई को गलत और मनमाना बताया है। नूरानी मस्जिद 1981 में बनी थी। सड़क चौड़ी किए जाने की वजह से इसके आसपास के निर्माण पहले तोड़े गए थे। अब नूरानी मस्जिद के साथ ही एक मजार, सत्संग भवन और दो छोटे मंदिर भी तोड़े जाने हैं। नूरानी मस्जिद के आसपास लोगों के जाने पर रोक लगाई गई है। ड्रोन कैमरों के जरिए नूरानी मस्जिद इलाके और जयपुर शहर के तमाम इलाकों पर नजर रखी जा रही है।

जयपुर शहर में शांति बनाए रखने के लिए कई इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया है। जयपुर प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नूरानी मस्जिद गिराने की कार्रवाई के दौरान अफवाह फैलाई गई, तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन ने सोशल मीडिया पर नजर रखी हुई है। जेडीए के मुताबिक नूरानी मस्जिद को लीज की जमीन पर अवैध तरीके से बनाया गया। वहीं, नूरानी मस्जिद कमेटी का कहना है कि उन्होंने हाउसिंग सोसाइटी से जमीन खरीदकर इस धार्मिक स्थल को बनाया था। इस मामले ने सियासी रंग भी लिया है। कांग्रेस ने नूरानी मस्जिद गिराने पर विरोध जताया है। बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम तक नूरानी मस्जिद के अवैध हिस्से और अन्य ढांचों को गिराने की कार्रवाई पूरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *