June 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कोई गलत है तो कार्रवाई हो, भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में बिहार सीएम सम्राट चौधरी की पहली प्रतिक्रिया

नई दिल्ली। बिहार के भोजपुर के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। पटना में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने भरत भूषण तिवारी की हत्या मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा, भोजपुर में एक घटना घटी। बिहार सरकार ने तुरंत सबसे ऊपर के जो आयोग होते हैं, ज्यूडिशियल कमीशन का गठन करने का काम किया, क्योंकि न्याय मिले। कोई अगर गलत है तो उस पर कार्रवाई हो। बिहार की संरचना में सबका-साथ सबका विकास तभी तो हम आगे बढ़ पाएंगे।

इससे पहले भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग के अध्यक्ष और पूर्व न्यायाधीश बिनोद कुमार सिन्हा और शाहाबाद के डीआईजी सत्यप्रकाश आज बिलौटी गांव पहुंचे और उन्होंने मृतक के परिजनों से बातचीत की। वहीं भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राज भी बुधवार देर रात बिलौटी गांव गए थे और वो भी भरत तिवारी के परिजनों से मिले थे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर कर भरत को मारा है। परिजन पूरे मामले की सीबीआई जांच और दोषी पुलिसकर्मियों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं। कुछ समय पहले परिजनों ने इस बात का ऐलान किया था कि अगर न्याय न मिला तो सामूहिक रूप से आत्मदाह कर लेंगे। उधर, मानवाधिकार आयोग ने भी इस मामले को संज्ञान में लिया है।

सुप्रीम कोर्ट में भी इस मामले की सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका दायर की गई है। आपको बता दें कि 17 जून को पुलिस ने भरत का एनकाउंटर किया था। भरत की मां आशा देवी ने भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राज के समक्ष एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ आवेदन दिया था। एसपी की संस्तुति के बाद जगदीशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और शाहपुर थानाध्यक्ष सहित एनकाउंटर में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *