राज्यसभा जाने पर नीतीश कुमार ने तोड़ी चुप्पी, जानिए बिहार की जनता के नाम संदेश में क्या बोले?
पटना। बिहार के सीएम और जेडीयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार के बारे में बुधवार शाम से चर्चा गर्माई थी कि वो अब राज्यसभा जाएंगे। हालांकि, नीतीश कुमार ने अपने राज्यसभा जाने के बारे में खबरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। अब नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट कर बताया है कि वो राज्यसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। बिहार से राज्यसभा की पांच सीट खाली हो रही हैं। जिनमें से एक पर नीतीश कुमार का चुना जाना तय है।
नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के लिए एक्स पर पोस्ट में लिखा है- पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है। उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। नीतीश कुमार ने आगे लिखा है कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही उनके मन में इच्छा थी कि बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनें। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहे हैं।
नीतीश कुमार ने बिहार की जनता को संबोधित करते हुए लिखा है कि वो पूरी ईमानदारी से भरोसा दिलाना चाहते हैं कि जनता से उनका ये रिश्ता भविष्य में भी बना रहेगा। साथ ही जनता को नीतीश कुमार ने भरोसा दिलाया है कि विकसित बिहार बनाने के संकल्प पर वो पहले की ही तरह चलते रहेंगे। नीतीश ने कहा है कि बिहार में जो नई सरकार बनेगी उसको वो पूरा सहयोग और मार्गदर्शन देते रहेंगे। इससे साफ है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के बावजूद बिहार की सियासत में दखल देते रहेंगे। अब सबकी नजर इस पर है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार में सीएम का पद कौन संभालता है और क्या नीतीश के बेटे निशांत कुमार भी राजनीति में कदम रखते हैं या नहीं।
