March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ईरान पर हमले की वजह से सोना और चांदी के भाव में आया इतना उछाल, कच्चा तेल भी महंगा

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले की वजह से सोना और चांदी की कीमत में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बाजार में 24 कैरेट सोने का भाव 1.67 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। सोने की कीमत में 5260 रुपए प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, चांदी के भाव में 10460 रुपए प्रति किलो का उछाल आया है। इससे एक किलो चांदी के रेट 2.92 लाख हो गए हैं। अगर ईरान का युद्ध ऐसे ही जारी रहा, तो सोने और चांदी में और तेजी देखने को मिल सकती है। चांदी पहले ही एक बार 4 लाख रुपए प्रति किलो का भाव छू चुकी है।

जनवरी 2026 से सोने और चांदी के भाव में 20 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है। सोना लगातार सातवें महीने उछाल ले रहा है। एमसीएक्स की बात करें, तो अप्रैल वायदा का सोना 3.12 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 167155 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं, मार्च वायदा की चांदी का भाव 3.04 फीसदी उछलकर 291249 रुपए प्रति किलो पर पहुंचा। अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें, तो सोने के भाव प्रति औंस 5400 डॉलर पर हैं। वहीं, कॉमेक्स पर चांदी की कीमत 96.93 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है।

सोने और चांदी के अलावा कच्चे तेल की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है। ईरान ने होरमुज की खाड़ी से जहाजों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया है। होरमुज की खाड़ी से दुनिया के कुल कच्चे तेल का 20 फीसदी आता है। इस वजह से कच्चे तेल की कीमत 80 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जा चुकी है। अगर ईरान से अमेरिका और इजरायल का युद्ध जल्द खत्म न हुआ, तो कच्चे तेल के प्रति बैरल की कीमत 100 डॉलर तक पहुंच सकती है। भारत के पास 76 दिन के इस्तेमाल लायक कच्चा तेल है। इस दौरान कच्चा तेल सस्ता न हुआ, तो देश में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होने के पूरे आसार रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *