अफगानिस्तान के साथ टीम इंडिया के एकमात्र टेस्ट मैच और वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने जारी किया शेड्यूल
नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच जून में होने वाले टेस्ट मैच और वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शेड्यूल जारी कर दिया है। अफगानिस्तान की टीम भारत की मेजबानी में एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। यह पहली बार है जब टीम इंडिया और अफगानिस्तान के बीच द्विपक्षीय वनडे सीरीज हो जा रही है। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच की शुरुआत 6 जून 2026 से होगी जोकि 10 जून तक चलेगा। यह मैच चंडीगढ़ में खेला जाना है। जबकि तीन मैचों की एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आगाज 14 जून से होगा।
तीन अलग अलग शहरों में वनडे मैचों का आयोजन किया जाएगा। पहला वनडे मैच 14 जून को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरे एकदिवसीय मैच के लिए भारत और अफगानिस्तान की टीमें उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगी जहां 17 जून को इकाना स्टेडियम में मैच होगा। सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा। हालांकि बीसीसीआई ने अभी टेस्ट और वनडे के लिए टीम स्क्वाड का ऐलान नहीं किया है। फिलहाल टी20 वर्ल्डकप खेला जा रहा है ऐसे में माना जा रहा है कि आईपीएल 2026 के बाद इस सीरीज के लिए टीम के खिलाड़ियों का नाम घोषित किया जाएगा।
वहीं इस वनडे सीरीज का शेड्यूल घोषित हो जाने के बाद क्रिकेट फैंस एक बार फिर विराट कोहली और रोहित शर्मा को मैदान पर चौके-छक्के की बरसात करते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं। बता दें कि विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ही खिलाड़ी टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। ये दोनों अब सिर्फ वनडे मैच ही खेलते हैं ऐसे में यह माना जा रहा है कि आने वाली सीरीज में इन दोनों खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने का मौका मिलेगा।
