July 11, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राम मंदिर चंदा चोरी की घटना ‘कलंक’, हम सब इससे छोटापन महसूस कर रहे, खेद जताते हुए बोले नृपेंद्र मिश्र

नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले में राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि चढ़ावा चोरी की घटना अपने आप में एक तरीके का कलंक है। राम मंदिर में यह घटना घट गई इसका हम सभी को खेद ही नहीं, बल्कि हम सब उससे छोटापन महसूस कर रहे हैं। यह व्यवस्था का एक प्रश्न है, व्यवस्था में सुधार होगा और मुझे पूरा विश्वास है कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी। राम मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति संबंधी सवाल पर नृपेंद्र मिश्र बोले, इसके लिए एक उच्चतम स्तर की समिति बनाई गई है। संभवत: न्यायाधीश उसके अध्यक्ष हैं। वे अपना निर्णय और संस्तुति ट्रस्ट को देंगे और ट्रस्ट उस पर विचार करेगा।

नृपेंद्र मिश्र राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। वहां पहुंचकर उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मंदिर के निर्माण कार्य में मुख्य रूप से दो कार्य अभी पूरे किए जाने बाकी हैं। एक, जोकि पुराना मंदिर था, जिसका स्मारक है, उसे हम लोग पूरा करेंगे। उसमें केवल जो ज्वाला 24 घंटे जलनी चाहिए उसकी व्यवस्था बाकी है, बाकी सब निर्माण हो चुका है। दूसरा, एक पूर्ण स्मारक है, जोकि जुलाई के अंत तक पूरा हो जाएगा। वह मंदिर निर्माण से संबंधित कार्य में अंतिम काम है। इस तरह से 30 जुलाई तक मंदिर का सभी निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा।

उन्होंने बताया, हालांकि दो प्रोजेक्ट्स पर काम जारी रहेगा। चार किलोमीटर लंबी बाउंड्री वॉल और मंदिर परिसर के बाहर बना ऑडिटोरियम का काम लगभग नवंबर या दिसंबर तक चलेगा। साथ ही, राम कथा संग्रहालय, जिसमें 20 गैलरी हैं, उसकी कहानी (स्टोरीलाइन) तय हो चुकी है। अब हम आज और कल होने वाली बैठकों में इन गैलरियों के लिए तकनीकी पहलुओं और वीडियो प्रेजेंटेशन के बारे में अंतिम निर्णय लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *