June 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

चुनाव नतीजों के बाद होगा आत्म विश्लेषण…राहुल हमारा नेतृत्व करेंगे : सलमान खुर्शीद

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद का ताजा बयान चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के जो भी नतीजे आएंगे, वे बेहतर और अच्छे होंगे। खुर्शीद ने कहा कि नतीजे इसका संकेत देंगे कि आगे क्या होने वाला है। उन्होंने ये भी कहा कि कांग्रेस चुनाव नतीजे आने के बाद आत्म विश्लेषण करेगी। सलमान खुर्शीद ने कहा कि राहुल गांधी ने विधानसभा चुनावों के प्रचार में अपना हर मिनट समर्पित किया। जब नतीजे आएंगे, हम उनकी समीक्षा करेंगे। राहुल गांधी हमारा नेतृत्व करेंगे।

फिलहाल खबर लिखे जाने तक असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुदुचेरी के चुनाव नतीजों का रुख देखें, तो कांग्रेस को सिर्फ केरल में जीत मिलती दिख रही है। केरल में यूडीएफ गठबंधन ने एक्जिट पोल के नतीजों को सही ठहराते हुए बढ़त बनाई है। बाकी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में कांग्रेस की स्थिति बेहतर नहीं दिख रही। हालांकि, असम में कांग्रेस ने कुछ बेहतर जरूर किया है। कांग्रेस इससे पहले महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा वगैरा का विधानसभा चुनाव हार चुकी है। ऐसे में उसे उम्मीद थी कि इस बार पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में वो केरल के साथ ही असम में भी सरकार बना लेगी, लेकिन फिलहाल कांग्रेस असम में सरकार बनाने से कोसों दूर है।

कांग्रेस पहले भी चुनावों के नतीजे आने के बाद आत्म विश्लेषण करती रही है, लेकिन पार्टी की दशा में कोई सुधार नहीं हुआ है। राहुल गांधी पर कांग्रेस का मौजूदा नेतृत्व भरोसा जताता रहा है कि वो पार्टी की स्थिति को अच्छा बना रहे हैं, लेकिन एक के बाद एक आ रहे चुनाव नतीजे दिखाते हैं कि कांग्रेस अब भी क्षेत्रीय दलों को दमदार मुकाबला नहीं दे पा रही। बीजेपी के सामने तो उसकी दाल 2014 से ही नहीं गल रही। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने बहुत बेहतर प्रदर्शन किया था। अब देखना होगा कि चार राज्यों और पुदुचेरी के विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस अपने आत्म विश्लेषण में अपने भविष्य का क्या रोडमैप तय करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *