गाजियाबाद में सनसनी: खेत में मिली युवती की गला रेतकर हत्या, वेव सिटी पुलिस ने जांच के लिए बनाई चार टीमें
रविन्द्र बंसल-
गाजियाबाद। जनपद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब काजीपुरा के जंगल स्थित खेत में 20 से 25 वर्ष की एक अज्ञात युवती का रक्तरंजित शव बरामद हुआ। युवती का गला किसी धारदार हथियार से बेरहमी से रेता गया था। शव के पास खून के निशान, टूटी हुई ज्वार की फसल और घसीटने के निशान मिलने से आशंका जताई जा रही है कि घटना बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई।
सुबह करीब 9:07 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर वेव सिटी थाना पुलिस, एसीपी प्रिया श्रीपाल तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हत्या स्थल या शव फेंकने की जगह?
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की हत्या उसी स्थान पर की गई या किसी अन्य स्थान पर हत्या के बाद शव को खेत में लाकर फेंका गया। खेत में टूटी फसल और घसीटने के निशान इस दिशा में महत्वपूर्ण सुराग माने जा रहे हैं।
पहचान सबसे बड़ी चुनौती
मृतका ने सूट-सलवार पहन रखा था, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है ताकि युवती की शिनाख्त हो सके। पुलिस का मानना है कि पहचान होने के बाद ही हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचना आसान होगा।
हर पहलू से जांच
पुलिस फिलहाल किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच में ऑनर किलिंग, व्यक्तिगत रंजिश, प्रेम प्रसंग, यौन अपराध अथवा अन्य आपराधिक कारणों सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
चार टीमें गठित, CCTV खंगाले जा रहे
एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल के अनुसार घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। प्रारंभिक निरीक्षण में युवती के गले पर धारदार हथियार से वार के स्पष्ट निशान मिले हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
अब पुलिस की निगाह पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है, जिससे हत्या का सटीक समय, मृत्यु का कारण और अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकेंगे। इसके आधार पर जांच की दिशा और स्पष्ट होने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि शिनाख्त, फोरेंसिक रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
