पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पहुंचे दिल्ली पुलिस के पास, बोले- मेरे और परिवार की बचाओ जान
नई दिल्ली। बिहार की पूर्णिया सीट से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने खुद और परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत पुलिस से की है। पप्पू यादव ने नई दिल्ली के डीसीपी से शिकायत की है। उन्होंने बताया है कि धमकी देने वाले ने पूरे परिवार को बम से उड़ाने की बात कही है। पप्पू यादव का कहना है कि उनके आधिकारिक वेबसाइट पर ये धमकी दी गई। पप्पू यादव ने पुलिस से तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी और खुद व परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। कुछ महीने पहले पप्पू यादव ने बिहार पुलिस से शिकायत की थी कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से उनको धमकी दी जा रही है।
पप्पू यादव के दफ्तर से नई दिल्ली के डीसीपी को भेजी शिकायत में बताया गया है कि 28 जुलाई यानी बीते मंगलवार को pappuyadav.org पोर्टल पर मुकेश मिश्रा नाम के एक शख्स ने धमकी दी है। सांसद के मुताबिक मुकेश मिश्रा की धमकी में लिखा है कि वो पप्पू यादव को गोली मार देगा और उनके परिवार को बम मारकर उड़ा देगा। पप्पू यादव ने धमकी देने वाले व्यक्ति के बारे में शिकायत में मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, आधार नंबर भी दिया है। शिकायत में कहा गया है कि मुकेश मिश्रा का पता बिहार के मधुबनी का है। पप्पू यादव से शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की साइबर सेल जांच कर रही है।
बता दें कि पप्पू यादव ने कई महीने पहले खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी देने की शिकायत भी बिहार पुलिस से की थी। सलमान खान के फ्लैट पर फायरिंग के बाद पप्पू यादव इस मुद्दे पर सक्रिय हुए थे। जिसके बाद लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर पप्पू यादव को फोन किया गया था। ऐसे ही एक फोन कॉल का वीडियो भी पप्पू यादव ने जारी किया था। बाद में पुलिस ने पप्पू यादव को धमकी देने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला था कि उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई रिश्ता नहीं है।
