दिल्ली सरकार का एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस के साथ अनुबंध, 840 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की जिम्मेदारी
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस ईवी प्राइवेट लिमिटेड (ARTS EV Pvt. Ltd.) के साथ अनुबंध किया है। इस अनुबंध के तहत राजधानी दिल्ली में 840 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। दिल्ली सरकार और एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस के बीच 12 साल के लिए हुए इस अनुबंध पर बुधवार को मोहर लगी। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के प्रबंध निदेशक जितेंद्र यादव ने एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस ईवी प्राइवेट लिमिटेड के सीओओ टीटू वर्गीस और सीजीएम आर. के. पॉल को अनुबंध पत्र सौंपा।
इस अनुबंध के तहत 12-मीटर लंबाई वाली 420 बसें और 9-मीटर लंबाई वाली 420 बसों का संचालन होगा। कम चौड़े रास्तों और दूर दराज के क्षेत्रों तक आवागमन को आसान बनाने के लिए वहां पर 9-मीटर लंबाई वाली बस चलाई जाएंगी। यह परियोजना भारत को स्वच्छ, हरित और आधुनिक परिवहन की दिशा में आगे बढ़ाने के संकल्प वाली केंद्र सरकार की पीएम ई-ड्राइव योजना का हिस्सा है।
एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस के बारे में –
एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस ISO 9001 : 2015 और 14001 : 2015 सर्टिफाइड कंपनी है। एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना एंटनी ग्रुप के द्वारा साल 2012 में विशेष रूप से दिल्ली सरकार की क्लस्टर 7 बस परियोजना को क्रियान्वित करने के लिए की गई थी। यह एक प्रमुख सार्वजनिक परिवहन सेवा प्रदाता कंपनी है। दिल्ली सरकार के साथ कंपनी का क्लस्टर 7 बस प्रोजेक्ट नवंबर 2013 में शुरू हुआ था। आज, दिल्ली के राजघाट और सीमापुरी डिपो से 250 सेमी-लो फ्लोर बसों का संचालन कंपनी के द्वारा किया जा रहा है।एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने साल 2018 में अतिरिक्त बसों के संचालन के लिए नए कॉन्ट्रैक्ट किए और 2019 में दिल्ली के दो और क्लस्टर (13 और 16A) में कुल 650 नई ऑरेंज बसों के साथ सफलतापूर्वक काम शुरू किया। एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड साल 2020 में देश की सबसे बड़ी सिटी बस फ्लीट ऑपरेटर कंपनी बन गई।
