अडानी समूह ने एयरलाइन बिजनेस में उतरने की खबरों का किया खंडन, कहा-फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं
नई दिल्ली। हाल ही में ऐसी खबरें आईं जिसमें यह दावा किया गया कि गौतम अडानी के नेतृत्व वाला अडानी समूह बहुत जल्द एविएशन सेक्टर में अपना कदम बढ़ाते हुए अपनी एयरलाइन कंपनी लॉन्च करने वाला है। हालांकि अब इस विषय पर अडानी समूह की ओर से बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। अडानी समूह ने एयरलाइन लॉन्च की खबरों का पूरी तरह से खंडन कर दिया है। अडानी समूह का कहना है कि एयरलाइन बिजनेस में प्रवेश करने के किसी भी प्रस्ताव पर फिलहाल उनके द्वारा किसी प्रकार का कोई विचार नहीं किया जा रहा है।
दरअसल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अडानी समूह के द्वारा दिल्ली और मुंबई जैसे देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट के ऑपरेटर्स को किसी शेड्यूल्ड एयरलाइन में 10 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी रखने से रोकने वाले नियम में बदलाव करने की सरकार से मांग की गई और इसी वजह से यह अटकलें लगनी शुरू हुईं कि अडानी समूह की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइसेस एयरलाइन लॉन्च करने की योजना बना रहा है। इस खबर को बल इसलिए भी मिला क्योंकि अडानी समूह के द्वारा पहले से ही एविएशन सेक्टर में काम किया जा रहा है। अडानी ग्रुप भारत का सबसे बड़ा प्राइवेट एयरपोर्ट ऑपरेटर है। मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर समेत देश के 8 हवाई अड्डों के संचालन का जिम्मा अडानी ग्रुप की कंपनी के पास ही है। इसके अलावा पायलट ट्रेनिंग, एयरक्राफ्ट की मरम्मत और मेंटिनेंस तथा ग्राउंड हैंडलिंग जैसे कामों में ग्रुप की मजबूत मौजूदगी है।
अडानी ग्रुप के एयरलाइन लॉन्च करने की खबर कहीं न कहीं इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयरलाइंस के लिए चिंता बढ़ाने वाली बात थी क्योंकि इससे प्रतिस्पर्धा और बढ़ जाती। अब जब अडानी समूह ने बता दिया है कि उसका एयरलाइन लॉन्च करने का कोई इरादा नहीं है तो यह पहले से संचालित एयरलाइन कंपनियों के लिए राहत की खबर है।
