June 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अनिल अंबानी की कंपनी के पूर्व डायरेक्टर सतीश सेठ न्यायिक हिरासत में भेजे गए, ईडी ने इस मामले में गिरफ्तार किया था

नई दिल्ली। अनिल अंबानी की रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के पूर्व ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर सतीश सेठ को दिल्ली के द्वारका स्थित कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में सतीश सेठ से पूछताछ के बाद गुरुवार को उनको कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने 2 जुलाई 2026 तक सतीश सेठ को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए कहा। ईडी की स्पेशल कोर्ट अभी गर्मी की छुट्टियों की वजह से बंद है। ऐसे में जांच एजेंसी ने सतीश सेठ को अवकाशकालीन कोर्ट में पेश किया था।

कोर्ट ने आदेश में कहा है कि सतीश सेठ को जेल में चश्मा पहनने की मंजूरी है। साथ ही डॉक्टर के लिखे पर्चे के मुताबिक वे दवाइयां भी साथ ले जा सकते हैं। कोर्ट ने जेल अफसरों से कहा है कि नियमों के तहत सतीश सेठ को बिस्तर भी उपलब्ध कराया जाए। अब सतीश सेठ को 2 जुलाई को ईडी कोर्ट में पेश किया जाएगा। ईडी ने अनिल अंबानी की कंपनी में ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर रहे सतीश सेठ पर आरोप लगाया है कि आरोपी ने फर्जी बिलों के जरिए हीरा आयात दिखाकर हवाला चैनलों से विदेश में धन की हेराफेरी की।

ईडी के आरोप के मुताबिक एनएचएआई के दो हाइवे प्रोजेक्ट में आरआईएल सार्वजनिक धन की हेराफेरी का मुख्य लाभार्थी है। इन हाइवे मे राजस्थान के जयपुर से रिंगस और त्रिची-करूर सड़कें हैं। कोर्ट में जांच एजेंसी ने आरोप पत्र दाखिल किया है। जिसके मुताबिक अनिल अंबानी की कंपनी ने 92 करोड़ रुपए विदेश भेजे। इस मामले में ईडी ने सतीश सेठ के साथ गौतम भाईलाल दोशी को भी गिरफ्तार किया था। बता दें कि मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी अनिल अंबानी से कई दौर में पूछताछ कर चुकी है। अनिल अंबानी की कंपनी से जुड़े अफसरों पर भी जांच एजेंसी पहले कार्रवाई करती रही है। इस मामले में अब सतीश सेठ भी जांच एजेंसी के रडार पर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *