June 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सपा से हमको कोई ताकत अलग नहीं कर सकती, ओपी राजभर के दावे पर सनातन पांडेय की प्रतिक्रिया

नई दिल्ली। बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय ने योगी सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के उस दावे पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने कहा है कि सपा में टूट का नेतृत्व ‘बागी बलिया’ का लाल करेगा। सनातन पांडेय ने कहा, यह कहना कि मैं समाजवादी पार्टी नहीं छोड़ूंगा एक सीधा-सीधा जवाब होगा। संपूर्ण जीवन में मैं राजनीति में रहूं या न रहूं, सांसद रहूं या न रहूं मेरे पूरे शरीर में समाजवाद भरा हुआ है। हमको समाजवाद और समाजवादी पार्टी से दुनिया की कोई ताकत अलग नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि सनातन पांडेय को कोई खरीद नहीं सकता है।

सनातन पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी से और लोग टूटे तो वह अलग बात है। मैं अपनी बात कर रहा हूं, जीवन के अंतिम समय तक, अगर मुझे सपा कार्यालय की पहरेदारी भी करने का मौका मिलेगा तो इसको अपना खून, अपना परिवार समझते हुए पार्टी को बचाने का काम करूंगा। राजभर के इस आरोप पर कि कल सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया पांडे ने पलटवार करते हुए कहा कि कल मैंने जीवन में पहली बार देखा कि पूरे प्रदेश के बहुत बड़ी संख्या में ब्राह्मण हमारे कार्यक्रम में आए थे। सपा सांसद ने उल्टा आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में ब्राह्मण सबसे ज्यादा प्रताड़ित हैं।

आपको बता दें कि अभी एक दिन पहले ही ओपी राजभर ने दावा किया था कि सपा में टूट होने वाली है। राजभर के इस दावे को यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने यह कहकर हवा दे दी थी कि सपा के 25-26 सांसद पाला बदलने के लिए तैयार बैठे हैं। बंगाल में टीएमसी और महाराष्ट्र में शिवसेना यूबीटी के मौजूदा हाल को देखते हुए राजभर और मौर्य के दावे के बाद यूपी में भी राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *