अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की एक्सीडेंट में मौत, झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था
नई दिल्ली। माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई है। अबान झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था, तभी हाईवे पर उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई। यह हादसा झांसी के पूंछ थाना इलाके में हुआ। कार में सवार अबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे मृतक का नाम सोनू बताया जा रहा है। एक्सीडेंट की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचवाया गया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक जिस वक्त यह हादसा हुआ वो सुबह का समय था। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से कार डिवाइडर से जा टकराई। वहीं मीडिया रिपोर्ट में यह भी बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान अचानक रोड पर किसी जानवर के आ जाने से कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने अबान और सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है।
अतीक के बेटे अली अहमद को पिछले साल 1 अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जेल शिफ्ट किया गया था। अतीक के पांच बेटों में से एक असद को पुलिस ने अप्रैल 2023 में एनकाउंटर में मार गिराया था। एक बेटा उमर अहमद लखनऊ जिला जेल में बंद हैं, दूसरा बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद है और एक बेटे अबान की आज एक्सीडेंट में मौत हो गई। एक बेटा अहजम अहमद जेल से बाहर है।
