‘वंदे मातरम् का दो पद गाने का कांग्रेस का फैसला उसकी तुष्टीकरण नीति को साबित करता है’, अमित शाह ने बोला हमला
चेंगलपट्टू (तमिलनाडु)। वंदे मातरम् के सिर्फ दो पद गाने के मुद्दे पर कांग्रेस पर बीजेपी का हमला तेज हो रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को तमिलनाडु के चेंगलपट्टू में कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति ने देश विरोधी फैसला किया है। अमित शाह ने कहा कि वो देश को याद दिलाना चाहते हैं कि 1937 में मुस्लिमों को खुश करने के लिए वंदे मातरम् को बांटकर कांग्रेस ने देश के बंटवारे की नींव रखी थी। बता दें कि कांग्रेस कार्यसमिति ने बुधवार को बैठक में तय किया था कि पार्टी के कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के सिर्फ दो पद गाए जाएंगे।
अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने राष्ट्रीय एकता मजबूत करने के लिए कांग्रेस की उस गलती को सुधारा है और इसे कानूनी आधार भी दिया है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् के सिर्फ दो पद गाने का कांग्रेस का फैसला उसकी तुष्टीकरण की नीति साबित करता है। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने न सिर्फ वंदे मातरम् लिखने वाले बंकिम चंद्र चटर्जी की रचना का अपमान किया, बल्कि उन लाखों लोगों का भी अपमान किया, जिन्होंने देश की आजादी के लिए जान दी। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज अपने 1937 के प्रस्ताव को तो लागू कर रही है, लेकिन संसद के बनाए कानून को नकार रही है। उन्होंने कहा कि हैरानी है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस फिर तुष्टीकरण की राजनीति आगे बढ़ा रही है। अमित शाह ने कहा कि देश को कांग्रेस के फैसले के खिलाफ एकजुट होना चाहिए।
दरअसल, इस साल वंदे मातरम् लिखे जाने के 150 साल हो गए हैं। इस मौके पर मोदी सरकार ने वंदे मातरम् के सभी पद गाने का नियम बनाया है। साथ ही संसद के मॉनसून सत्र में कानून बनाया गया है कि वंदे मातरम् को सम्मान न देने पर सजा होगी। कांग्रेस इसके खिलाफ है। कांग्रेस का कहना है कि उसके नेताओं ने तय किया था कि वंदे मातरम् के दो पद ही गाए जाएंगे और ऐसा ही वो करेगी। इस साल 15 अगस्त को कांग्रेस दफ्तर में वंदे मातरम् के दौरान सोनिया गांधी के इशारे के बाद विवाद खड़ा हुआ था। बीजेपी का आरोप है कि सोनिया गांधी ने वंदे मातरम् को पूरा गाने से रोकने की कोशिश की। उस वक्त कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा था कि सोनिया गांधी वंदे मातरम् नहीं रोक रही थीं। वो मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी लाने को कह रही थीं, लेकिन अब कांग्रेस कह रही है कि वो तो वंदे मातरम् के दो ही पद गाएगी।
