नई दिल्ली। तीस हजारी कोर्ट ने ठग सुकेश चंद्रशेखर को सुप्रीम कोर्ट का जज बनकर एक अन्य आपराधिक मामले में जमानत प्रक्रिया प्रभावित करने का दोषी पाया है। कोर्ट ने सुकेश चंद्रशेखर को इस मामले में 8 साल कठोर कैद की सजा सुनाई है। सुकेश चंद्रशेखर पर ठगी और धोखा देने के 31 केस चल रहे हैं। इनमें से कई मामलों में उसे जमानत मिल चुकी है। पहले सुकेश को दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा गया था। सुकेश और उसकी पत्नी ने तिहाड़ में जान को खतरा बताया था। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने मंडोली जेल भेजा था। ठग सुकेश चंद्रशेखर तभी से इसी जेल में है।
तीस हजारी कोर्ट की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हर्षिता मिश्रा ने सुकेश चंद्रशेखर को आईपीसी की धारा 170, धारा 189 और धारा 507 के तहत कुल 8 साल कैद की सजा सुनाई। सुकेश चंद्रशेखर पर कोर्ट ने 10000 रुपए जुर्माना भी किया है। तीस हजारी कोर्ट ने सुकेश चंद्रशेखर को कठोर कैद सुनाते हुए कहा कि सजा ऐसी होनी चाहिए, जो ये दिखाए कि आपराधिक न्याय प्रणाली अलग-थलग गैरकानूनी काम और सार्वजनिक संस्थानों के वैध कामकाज में हेर-फेर, डराने-धमकाने या हस्तक्षेप के उद्देश्य से जानबूझकर किए काम की शृंखला में अंतर करती है।
कोर्ट ने सजा के आदेश में कहा है कि सुकेश चंद्रशेखर को हिरासत में बिताए गए समय का लाभ दिया जाएगा। कोर्ट ने कहा कि संदेश ये जाना चाहिए कि सोची-समझी साजिश के तहत किया गया अपराध और खास तौर पर न्यायिक व्यवस्था के खिलाफ अपराध पर गंभीर नतीजा भुगतना पड़ेगा। सुकेश चंद्रशेखर अब इस सजा के खिलाफ सेशन कोर्ट में अपील कर सकता है। हालांकि, जो सजा उसे मिली है, वो काफी वक्त से हिरासत में रहने की वजह से काफी कम हो जाएगी। सुकेश चंद्रशेखर मूल रूप से कर्नाटक के बेंगलुरु का रहने वाला है। उसने कम उम्र में ही विभिन्न प्रभावशाली पदों पर खुद का होना दिखाकर धोखाधड़ी शुरू की थी।
