समय रैना फिर विवादों में घिरे, ‘इंडियाज गॉट लेटेंट-2’ शो में बिहारियों और कश्मीरी पंडितों पर टिप्पणी
नई दिल्ली। कॉमेडियन और यू-ट्यूबर समय रैना एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला उनके शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ में बिहारियों और कश्मीरी पंडितों पर की गई टिप्पणियों से जुड़ा हुआ है। दरअसल, 28 अगस्त को स्ट्रीम हुए शो में कॉमेडियन शैरन वर्मा भी पैनल में थीं। शैरन वर्मा मूल रूप से बिहार से ताल्लुक रखती हैं। शो के दौरान समय रैना ने मजाकिया लहजे में शैरन के लिए के लिए कहा कि वो एक बिहारी हैं, जो काम के लिए मुंबई आई हैं, जस्ट बिहारी थिंग्स। वहीं शैरन ने समय रैना जोकि कश्मीरी पंडित हैं उन पर पलटवार करते हुए कहा कि कम से कम मैंने अपना राज्य अपनी मर्जी से छोड़ा है।
शो के दौरान समय और शैरन के बीच और भी काफी कमेंट्स हुए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुए और अब इनको लेकर विवाद शुरू हो गया है। सोशल मीडिया यूजर्स से लेकर बीजेपी और शिवसेना यूबीटी के नेताओं ने बिहारियों और कश्मीरी पंडितों पर की गई बयानबाजी और मजाक को लेकर आपत्ति जताई है। बीजेपी विधायक राम कदम ने कहा कि हम हर कलाकार की प्रतिभा का सम्मान करते हैं लेकिन हर चीज की कुछ सीमाएं होती हैं। किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का किसी को अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि कश्मीरी पंडितों के खिलाफ इस तरह की आपत्तिजनक बयानबाजी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकती। चाहे समय रैना हों या कोई और जिसने भी ऐसी टिप्पणी है उसे माफी मांगनी चाहिए। बीजेपी नेता इसे सोच-समझकर किया गया पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है। दूसरी तरफ उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा कि समय रैना हमेशा से ही एक विवादित व्यक्ति रहे हैं। उनकी हालिया टिप्पणी से यह पता चलता है कि उन्हें चीजों की सही समझ नहीं है। ये लोग सिर्फ पैसे कमाने के लिए किसी भी हद तक गिर सकते हैं।
